तुर्की में प्रस्तावित शांति वार्ता से पहले रूस-यूक्रेन युद्ध ने एक बार फिर तेज़ मोड़ ले लिया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने बीते 24 घंटों में 1240 रूसी सैनिकों को मार गिराया है। दूसरी ओर, रूस ने भी यूक्रेनी सेना के अहम ठिकानों को निशाना बनाकर गंभीर नुकसान पहुंचाया है।
इस्तांबुल में पहली बार आमने-सामने हो सकते हैं पुतिन-जेलेंस्की
तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए तुर्की के इस्तांबुल में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच पहली सीधी बातचीत का प्रस्ताव है। इस मुलाकात की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन यह बातचीत युद्धविराम के बीच संभावित मानी जा रही है।
यूक्रेन का दावा: हर घंटे ढेर हो रहे दर्जनों रूसी सैनिक
यूक्रेनी मीडिया आउटलेट ‘द कीव इंडिपेंडेंट’ के अनुसार, यूक्रेन की सेना औसतन हर घंटे 52 रूसी सैनिकों को निशाना बना रही है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में रूस ने 1240 सैनिक खोए हैं। इसके अलावा यूक्रेनी सेना ने दो टैंक, 47 तोपें, एक मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम (MLRS) और 14 बख्तरबंद वाहन (AFV) को भी नष्ट किया है।
यूक्रेन का यह भी दावा है कि युद्ध की शुरुआत से अब तक रूस करीब 9.7 लाख सैनिक खो चुका है। हालांकि, रूस की ओर से इन आंकड़ों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रूस का पलटवार – सूमी में यूक्रेनी ठिकाने तबाह
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक वीडियो जारी कर बताया है कि उनकी सेना ने यूक्रेन के सूमी इलाके में यूक्रेनी आर्टिलरी यूनिट को निशाना बनाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। रूस ने इस हमले में Grad-MLRS (रॉकेट सिस्टम) का इस्तेमाल किया।
दिलचस्प बात यह है कि दोनों देशों द्वारा यह हमले ऐसे समय में किए गए हैं जब उनके बीच 30 दिन का युद्धविराम लागू है।
ट्रंप भी बन सकते हैं बातचीत का हिस्सा?
खबरों के मुताबिक, पुतिन और जेलेंस्की की इस प्रस्तावित मुलाकात में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि बातचीत किस तारीख को होगी और किन मुद्दों पर केंद्रित रहेगी।
CHANNEL009 Connects India
