Breaking News

शुभमन गिल का बढ़ता कद, टी20 कप्तानी की रेस में भी नाम शामिल

भारतीय क्रिकेट में शुभमन गिल का कद पिछले कुछ महीनों में काफी तेजी से बढ़ा है। इंग्लैंड दौरे से पहले जब उन्हें टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई थी, तब कई लोग इस फैसले पर सवाल उठा रहे थे। क्रिकेट जगत में चर्चा थी कि इतनी कम उम्र और अनुभव में गिल को कप्तान बनाना सही कदम है या नहीं। लेकिन इंग्लैंड दौरे के खत्म होते-होते गिल ने अपने बल्ले से ऐसा जवाब दिया कि सभी आलोचक चुप हो गए।

टेस्ट सीरीज में उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 10 पारियों में 754 रन बनाए और भारत को सीरीज 2-2 से बराबरी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस प्रदर्शन के बाद अब सिर्फ टेस्ट ही नहीं, बल्कि वनडे और टी20 टीम की कप्तानी की दौड़ में भी उनका नाम आने लगा है। इस समय भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में है। लेकिन इंग्लैंड में गिल के शानदार खेल ने चयनकर्ताओं के सामने नया सवाल खड़ा कर दिया है—क्या गिल को जल्द ही टी20 टीम की कमान मिल सकती है?

अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति के लिए यह फैसला आसान नहीं होगा। आने वाले एशिया कप के लिए टीम का चयन करते समय उन्हें यह सोचना पड़ेगा कि गिल को टी20 टीम में कैसे और किस भूमिका में वापस लाया जाए। गौरतलब है कि गिल जुलाई 2024 में श्रीलंका दौरे के बाद से टी20 क्रिकेट नहीं खेले हैं। उस समय उनका ध्यान ऑस्ट्रेलिया दौरे के टेस्ट मैचों और चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी पर था। अब, इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन के बाद, क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों के बीच गिल की टी20 टीम में वापसी की मांग तेज हो गई है। पूर्व चयनकर्ता देवांग गांधी का मानना है कि गिल ने वैसी ही आभा और प्रभाव बना लिया है, जैसी कभी विराट कोहली के पास थी। उन्होंने कहा कि जैसे 2017 में महेंद्र सिंह धोनी के मार्गदर्शन में विराट को तैयार किया गया था, वैसे ही अगरकर ने गिल को टेस्ट कप्तान बनाकर दूरदर्शिता दिखाई है।

देवांग गांधी का मानना है कि गिल अपने करियर के सुनहरे दौर में हैं और जिस तरह से उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली है, वह बिल्कुल वैसा ही है जैसा कभी विराट ने किया था। गांधी ने साफ शब्दों में कहा, “गिल को टी20 में भी कप्तानी करनी चाहिए। सूर्या के बाद टीम का नेतृत्व कौन करेगा, यह संदेश अभी से स्पष्ट होना चाहिए।”

अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट में कप्तानी को लेकर क्या बदलाव होते हैं। क्या सूर्यकुमार यादव एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप तक कप्तान बने रहेंगे, या फिर युवा शुभमन गिल को एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी?

About Hussain

Check Also

IPL-पंजाब लगातार 5वां मैच हारी, मुंबई 6 विकेट से जीती:आखिरी ओवर में 15 रन बने, तिलक ने नाबाद 75 रन की पारी खेली

IPL में मुंबई की शानदार जीत, पंजाब की लगातार पांचवीं हार तिलक वर्मा की तूफानी …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?