विश्व चैंपियन डी गुकेश सिंकफील्ड कप के पांचवें दौर में हारने से बच गए और पोलैंड के डुडा जान क्रिस्टोफ को ड्रॉ पर रोक दिया। एक अन्य मुकाबले में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद ने फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव से मुकाबला ड्रॉ खेला। दिलचस्प बात यह रही कि पांचवें दौर के सभी मैच बराबरी पर समाप्त हुए।
अमेरिका के फेबियानो कारूआना ने अपने हमवतन वेसली सो से ड्रॉ खेलते हुए कुल 3.5 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाए रखी। अन्य मुकाबलों में सैमुअल सेवियान (अमेरिका) और नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव (उजबेकिस्तान) के बीच खेल बराबरी पर रहा, जबकि लेवोन आरोनियन और अलीरजा फिरोजा (फ्रांस) का खेल भी ड्रॉ पर छूटा।
पांचवें दौर के बाद प्रज्ञानंद दूसरे और आरोनियन तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, गुकेश, फिरोजा, वेसली सो, सेवियान और वाचियेर लाग्रेव 2.5 अंक लेकर संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
ग्रैंड शतरंज टूर से शीर्ष चार खिलाड़ी इस साल के आखिर में होने वाले फाइनल टूर्नामेंट में जगह बनाएंगे।
CHANNEL009 Connects India
