सेंट लुईस, अमेरिका में खेले जा रहे ग्रांड चेस टूर 2025 के पाँचवें पड़ाव सिंकिफील्ड कप का दूसरा दिन भारत के लिए शानदार रहा।
विश्व चैम्पियन डी. गुकेश, जिन्हें पहले राउंड में हार का सामना करना पड़ा था, ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी उज़्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तारोव को हराकर दमदार वापसी की। गुकेश ने सफेद मोहरों से राय लोपेज ओपनिंग खेली और शुरुआत से ही अपने मोहरों का बेहतरीन तालमेल दिखाया। खासतौर पर उनके घोड़ों ने ऐसी स्थिति बनाई कि अब्दुसत्तारोव खेल में कभी भी दबाव से बाहर नहीं आ सके। लगभग 50 चालों के बाद गुकेश ने जीत अपने नाम की और टूर्नामेंट में अपनी वापसी का ऐलान कर दिया।
वहीं भारत के एक और युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानन्दा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने अमेरिका के टॉप खिलाड़ी फबियानों करूआना के खिलाफ सफेद मोहरों से खेलते हुए सिसिलियन ओपनिंग अपनाई। खेल धीरे-धीरे एंडगेम तक पहुँचा और अंत में घोड़े और हाथी के बीच की बाज़ी 37 चालों में ड्रॉ रही।
दिन की दूसरी जीत फ्रांस के अलीरेजा फिरौजा के नाम रही। उन्होंने पोलैंड के यान डूड़ा को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं, बाकी दोनों मुकाबले ड्रॉ रहे –
- अमेरिका के लेवान अरोनियन और सेवियन सैमुएल के बीच
- फ्रांस के मकसीम लागरेव और अमेरिका के वेसली सो के बीच।
दो राउंड के बाद शुरुआती बढ़त तीन खिलाड़ियों के पास है –
- आर. प्रज्ञानन्दा
- लेवान अरोनियन
- अलीरेजा फिरौजा
तीनों खिलाड़ियों ने 1.5 अंक हासिल किए हैं।
तीसरे राउंड में मुकाबले
गुकेश का सामना होगा अमेरिका के सेवियन सैमुएल से।
प्रज्ञानन्दा भिड़ेंगे अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी अब्दुसत्तारोव से।
टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे रोमांच और भी बढ़ता जा रहा है। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि गुकेश और प्रज्ञानन्दा दोनों ही शानदार खेल दिखाकर खिताब की दौड़ में बने रहेंगे।
CHANNEL009 Connects India
