Related Articles
बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने साफ कहा है कि सोमवार से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। जो अंचल या राजस्व अधिकारी ड्यूटी पर वापस नहीं आएंगे, उनके खिलाफ कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को प्रधान सचिव सी.के. अनिल और सचिव जय सिंह सभी जिलों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर हालात की समीक्षा करेंगे। मंत्री ने कहा कि जो अधिकारी ईमानदारी और मेहनत से काम कर रहे हैं, उनका सम्मान किया जाएगा।
काम पर लौटने की अपील, मांगों पर विचार का भरोसा
विजय सिन्हा ने कहा कि 5 फरवरी की शाम सभी अंचल और राजस्व अधिकारियों से तुरंत अपने कार्यस्थल पर लौटने की अपील की गई थी। सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूति के साथ विचार करने के लिए तैयार है। इसके लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई जाएगी, जो अधिकारियों के काम, अधिकार और जिम्मेदारियों पर रिपोर्ट देगी।
इसके बावजूद कई अधिकारी अब तक ड्यूटी पर नहीं लौटे हैं, हालांकि कुछ लोग वापस आ चुके हैं।
31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एग्रीस्टैक अभियान, ई-मापी महाअभियान और राजस्व महाअभियान को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दें। इन योजनाओं का सीधा फायदा जनता को मिलेगा, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी हल्का कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करें।
विजय सिन्हा ने कहा कि 31 मार्च तक तय लक्ष्यों को पूरा करने पर सभी को लाभ मिलेगा। उन्होंने उदाहरण दिया कि कृषि मंत्री रहते हुए बेहतर काम करने पर कृषि समन्वयकों का वेतन बढ़ाया गया था। ऐसा ही मौका अब राजस्व अधिकारियों के पास भी है।
CHANNEL009 Connects India
