Breaking News

वाहन रैली और शोभायात्रा से दिया भगवान महावीर का “जीओ और जीने दो” का संदेश

जयपुर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2624वां जन्म कल्याणक महोत्सव गुरुवार को बड़े भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के कार्यक्रम होंगे। मुख्य आयोजन राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में रामलीला मैदान में होगा।

सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन और महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि सुबह 9:30 बजे रामलीला मैदान में उपाध्याय उर्जयन्त सागर के सान्निध्य में धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें झंडारोहण, मंगलाचरण, दीप प्रज्वलन सहित कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसी दौरान सभा की ओर से प्रकाशित महावीर जयंती स्मारिका के 60वें अंक का विमोचन भी किया जाएगा, जिसका संपादन यश कमल अजमेरा के निर्देशन में हुआ है।

शोभायात्रा का आयोजन

गुरुवार सुबह 7 बजे महावीर पार्क (मनिहारों का रास्ता) से रामलीला मैदान तक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में 24 से ज्यादा ज्ञानवर्धक और संदेशात्मक झांकियां शामिल होंगी, जिनमें भगवान महावीर के जीवन और सामाजिक संदेशों को दिखाया जाएगा। भगवान महावीर एक रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे।

प्रभात फेरी और अहिंसा वाहन रैली

महोत्सव से पहले बुधवार को कॉलोनियों में प्रभात फेरियां और अहिंसा वाहन रैली निकाली गई। राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन और महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि इस रैली के जरिए भगवान महावीर का “जीओ और जीने दो” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

मानसरोवर स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से वरुण पथ के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर तक विशाल अहिंसा वाहन रैली निकाली गई। यह रैली थड़ी मार्केट, मीरा मार्ग और हीरा पथ के जैन मंदिरों से होती हुई आगे बढ़ी और आखिर में वरुण पथ के जैन मंदिर में धर्मसभा में परिवर्तित हो गई। रैली से पहले एसएफएस मंदिर पर दीप प्रज्वलन और झंडारोहण किया गया। दुर्गापुरा दिगंबर जैन मंदिर में भी प्रभात फेरी निकाली गई।

समाज में अहिंसा और भाईचारे का संदेश फैलाया गया।

About admin

Check Also

जयपुर नगर निगम में BJP बोर्ड गठन की तैयारी, मेयर चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल

जयपुर नगर निगम चुनाव परिणामों के बाद अब बोर्ड गठन की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक …

प्रातिक्रिया दे

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?