दीर अल-बलाह: गाजा पट्टी में इजरायल की सैन्य कार्रवाई थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच, गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा साझा किया है। मंत्रालय के मुताबिक, इजरायल और हमास के बीच चल रहे टकराव में अब तक 55,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन मृतकों में कितने नागरिक और कितने लड़ाके थे।
सात अक्टूबर से भड़की थी जंग
इस हिंसक टकराव की शुरुआत 7 अक्टूबर 2023 को उस समय हुई जब हमास के आतंकवादियों ने इजरायल पर अचानक हमला किया। इस हमले में करीब 1,200 आम नागरिकों की हत्या कर दी गई थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इस वारदात के बाद इजरायल ने जवाबी सैन्य अभियान शुरू किया, जो अब तक जारी है और जिसकी चपेट में गाजा पूरी तरह से तबाह हो चुका है।
तबाही की भयावह तस्वीर

लगातार बमबारी और हमलों के चलते गाजा का बुनियादी ढांचा – अस्पताल, स्कूल, घर और बाजार – पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। लाखों लोग विस्थापित हो गए हैं और मानवीय संकट चरम पर है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार युद्धविराम की अपील कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
CHANNEL009 Connects India
