प्रादेशिक सीनियर समन्वय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के मुकाबले शनिवार को सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए। दर्शकों के उत्साह के बीच कुल तीन रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें प्रयागराज, मुरादाबाद और मेरठ की टीमों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में प्रयागराज और बरेली की टीमें आमने-सामने थीं। खेल शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही प्रयागराज की टीम ने आक्रामक अंदाज़ में खेलते हुए एक गोल दाग दिया और पहले हाफ तक 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में मुकाबले के 40वें मिनट में प्रयागराज की खिलाड़ी हिमांशी ने एक और शानदार गोल किया। इस गोल के साथ प्रयागराज की बढ़त 2-0 हो गई और उन्होंने दबाव बनाते हुए बरेली की वापसी की सभी उम्मीदों को तोड़ दिया। आखिर में प्रयागराज ने 2-0 से मुकाबला जीत लिया और पूरे अंक प्राप्त किए।
दिन के दूसरे मुकाबले में मुरादाबाद की टीम ने सहारनपुर के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन किया। मुरादाबाद की टीम ने पूरे मैच में शानदार पासिंग और आक्रमण करते हुए कुल 11 गोल दागे, जबकि सहारनपुर की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। मुरादाबाद की ओर से वंशिका ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए 6 गोल किए। वहीं कल्पना ने 3 गोल दागे और अल्फिजा तथा अंशी ने 1-1 गोल कर टीम को 11-0 से धमाकेदार जीत दिलाई।
प्रतियोगिता का तीसरा मुकाबला मेरठ और अयोध्या के बीच खेला गया जिसमें मेरठ ने शुरुआती मिनटों से ही खेल पर पकड़ बनाई। मैच के 20वें मिनट में वंशिका ने 25 गज की दूरी से शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 24वें मिनट में नेहा कुमारी ने दूसरा गोल दागा। पहले हाफ तक मेरठ 2-0 से आगे रही। दूसरे हाफ में भी मेरठ ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। 37वें मिनट में लवि ने तीसरा गोल किया और 52वें मिनट में रितिका ने चौथा गोल दाग दिया। इसके बाद लवि ने 53वें एवं 57वें मिनट में लगातार दो गोल करते हुए स्कोर 6-0 कर दिया। शानदार प्रदर्शन के दम पर मेरठ ने अयोध्या को 6-0 से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
CHANNEL009 Connects India
