एशिया कप 2025 इस बार टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और इसका आगाज 9 सितंबर से यूएई में होगा। भारतीय टीम का चयन आने वाले दिनों में होना है और कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव के कंधों पर होगी। हालांकि, टीम के चयन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत को इस बार टीम में जगह नहीं मिलेगी।
ऋषभ पंत जुलाई 2024 के बाद से भारत के लिए कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल ने भी अपना आखिरी टी20 मैच जुलाई 2024 में खेला था। टीम मैनेजमेंट के मुताबिक, फिलहाल इन दोनों खिलाड़ियों को टी20 टीम की योजनाओं में शामिल नहीं किया गया है। संजू सैमसन पहले से ही विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में मौजूद हैं और मैनेजमेंट उन पर भरोसा जता रहा है। यहां तक कि उन्हें ओपनिंग में भी आजमाया गया है। दूसरे ओपनर के तौर पर अभिषेक शर्मा को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे जायसवाल के लिए जगह बनना मुश्किल हो गया है।
संजू सैमसन के बाद दूसरे विकेटकीपर के तौर पर जितेश शर्मा का नाम सबसे आगे है। जितेश ने हालिया टी20 मैचों में फिनिशर की भूमिका में अच्छा प्रदर्शन किया है और वह बल्लेबाज के तौर पर भी टीम को मजबूती दे सकते हैं। इसके चलते केएल राहुल की वापसी की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है। वहीं, रिंकू सिंह और रियान पराग पिछले कुछ मैचों में फिनिशर के रूप में संघर्ष करते दिखे हैं, जो जितेश के पक्ष में जाता है।
मिडिल ऑर्डर के लिए श्रेयस अय्यर का नाम भी चर्चा में है। वह स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ अच्छा खेलते हैं और हालिया आईपीएल सीजन में शानदार प्रदर्शन करके पंजाब किंग्स को 11 साल बाद फाइनल तक पहुंचाया था। ऐसे में उनके चयन की संभावना भी मजबूत है।
CHANNEL009 Connects India
