Breaking News

जब सबने कहा ‘पागलपन’, अब कीमत दोगुनी – संजीव गोयनका का जवाब आलोचकों को

अक्टूबर 2021 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नई टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को संजीव गोयनका के आरपीएसजी ग्रुप ने करीब 900 मिलियन डॉलर में खरीदा था। उस समय यह आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी थी। इतनी बड़ी रकम चुकाने के फैसले को लेकर संजीव गोयनका को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। कई लोग मानते थे कि इतनी कीमत देना समझदारी नहीं है और यह ‘पागलपन’ है। संजीव गोयनका पहले भी खेलों से जुड़े रहे हैं, लेकिन LSG को इतने महंगे दाम में खरीदना कई लोगों के गले नहीं उतरा। उस दौर को याद करते हुए गोयनका ने बीबीसी स्पोर्ट्स से कहा –  “जब मैंने 900 मिलियन डॉलर में आईपीएल की सबसे महंगी टीम खरीदी, तो लगभग सभी को लगा कि मैं पागल हूँ। लेकिन अब सिर्फ साढ़े तीन साल में इस टीम की वैल्यू करीब 1.5 बिलियन डॉलर हो गई है।” यानि टीम की कीमत लगभग दोगुनी हो चुकी है और गोयनका का फैसला अब बिज़नेस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

गोयनका का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग दुनिया की सबसे बेहतरीन और सफल क्रिकेट लीग है। उन्होंने कहा कि आईपीएल में निवेश करना न सिर्फ आर्थिक रूप से फायदेमंद रहा, बल्कि इसने उनके खेल से जुड़ाव को भी और मजबूत किया।

सिर्फ आईपीएल ही नहीं, गोयनका का ग्रुप अब इंग्लैंड की द हंड्रेड (The Hundred) लीग में भी उतर चुका है। उन्होंने मैनचेस्टर ऑरजिनल्स फ्रेंचाइजी की 70% हिस्सेदारी खरीद ली है।

द हंड्रेड टीम खरीदते समय गोयनका ने कहा था – “मेरे लिए क्रिकेट का मतलब सिर्फ एक खेल नहीं है। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहाँ समाज को जोड़ा जाता है, लोगों के करियर बनते हैं और युवाओं को आगे बढ़ने के मौके मिलते हैं। यह खेल लोगों में जुनून और एकजुटता पैदा करता है।”

जब 2021 में LSG खरीदी गई थी, तब आलोचक इसे एक ‘जोखिम भरा कदम’ मानते थे, लेकिन आज टीम की दोगुनी कीमत यह साबित कर रही है कि सही सोच और लंबे विज़न से बड़े निवेश भी सफल हो सकते हैं। संजीव गोयनका के लिए यह सिर्फ बिज़नेस नहीं, बल्कि खेल के जरिए समाज से जुड़ने और उसे आगे बढ़ाने का मिशन भी है।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?