Breaking News

दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश पर आईसीसी का जुर्माना, दूसरे टी20 में की खेलभावना के खिलाफ हरकत

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच डार्विन के मारारा क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में एक विवाद ने सबका ध्यान खींचा। दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश पर आईसीसी ने आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जुर्माना लगाया है।

आईसीसी के अनुसार, बॉश ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए बने नियमों के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया। यह नियम बल्लेबाज के आउट होने के बाद अपमानजनक भाषा, अनुचित इशारे या ऐसे हावभाव करने पर लागू होता है, जो सामने वाले को उकसा सकते हैं। यह घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के 17वें ओवर में हुई। बॉश ने बेन ड्वारशुइस को आउट करने के बाद उन्हें पवेलियन की ओर इशारा करते हुए मैदान छोड़ने का संकेत दिया। यह खेलभावना के खिलाफ माना गया। नतीजतन, आईसीसी ने बॉश को एक डिमेरिट प्वाइंट और मैच फीस का एक हिस्सा कटौती की सजा दी। बॉश ने इस सजा को स्वीकार कर लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं रही।

मैच में, दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 56 गेंदों में नाबाद 125 रन ठोक दिए। उन्होंने 41 गेंदों में शतक पूरा कर दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे कम उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने का रिकॉर्ड बना दिया। यह उनके देश का दूसरा सबसे तेज टी20आई शतक भी रहा। दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 218/7 का स्कोर बनाया। जवाब में, ऑस्ट्रेलिया की ओर से टिम डेविड ने 24 गेंदों में अर्धशतक लगाकर कोशिश की, लेकिन बॉश और क्वेना मफाका की घातक गेंदबाजी ने मैच पलट दिया। दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया 165 रन पर ऑल आउट हो गया।

दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 53 रन से जीतकर सीरीज़ 1-1 से बराबर कर ली। अब सीरीज़ का आखिरी और निर्णायक टी20 मैच शनिवार, 16 अगस्त को केर्न्स में खेला जाएगा। इसके बाद 19 अगस्त से एकदिवसीय श्रृंखला शुरू होगी।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?