दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी इस साल के आखिर में भारत आ रहे हैं। मेसी के करोड़ों फैंस के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा होगा। लंबे समय से इस दौरे की चर्चा थी और अब इसे आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है। उनके इस खास दौरे का नाम रखा गया है “जीओएटी टूर ऑफ इंडिया 2025”, जिसमें वह चार बड़े भारतीय शहरों में अपने चाहने वालों से रूबरू होंगे।
मेसी का भारत दौरा 12 दिसंबर 2025 से शुरू होगा और पहला पड़ाव होगा फुटबॉल का गढ़ कहे जाने वाला कोलकाता। यहां वह दो दिन और एक रात रुकेंगे। 13 दिसंबर को उनका एक खास मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम होगा, जिसमें फैंस को उनसे मिलने और बातचीत करने का मौका मिलेगा। कोलकाता में या तो ईडन गार्डन्स स्टेडियम या साल्टलेक स्टेडियम में एक भव्य जीओएटी कंसर्ट और जीओएटी कप आयोजित होगा। यह टूर्नामेंट एक तरह का फ्रेंडली मैच होगा जिसमें प्रति टीम 7 खिलाड़ी खेलेंगे। इस मैच में भारतीय खेल और फिल्म जगत की कई मशहूर हस्तियां हिस्सा लेंगी, जैसे सौरव गांगुली, लिएंडर पेस, जॉन अब्राहम और बाईचुंग भूटिया। इस कार्यक्रम के टिकट की शुरुआती कीमत ₹3500 रखी गई है।
13 दिसंबर को मेसी अहमदाबाद जाएंगे, जहां उनका स्वागत बेहद खास अंदाज में किया जाएगा। इसके बाद 14 दिसंबर को वह मुंबई पहुंचेंगे। यहां भी एक मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम होगा। मुंबई के सीसीआई ब्रेबोर्न स्टेडियम में मुंबई पैडल जीओएटी कप का आयोजन होगा, जिसमें मेसी के साथ शाहरुख खान और लिएंडर पेस के खेलने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र क्रिकेट संघ एक शानदार जीओएटी कैप्टंस मोमेंट का आयोजन भी कर सकता है, जिसमें मेसी के साथ क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और रोहित शर्मा नजर आएंगे। इस खास मौके पर बॉलीवुड के स्टार्स जैसे रणवीर सिंह, आमिर खान और टाइगर श्रॉफ भी शामिल हो सकते हैं।
15 दिसंबर को मेसी का आखिरी पड़ाव होगा दिल्ली। यहां वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा अरुण जेटली स्टेडियम में एक और जीओएटी कप और कंसर्ट आयोजित होगा। इस मौके पर दिल्ली जिला क्रिकेट संघ की ओर से विराट कोहली और शुभमन गिल को भी न्योता भेजा जा सकता है। मेसी के इस पूरे भारत दौरे की एक खास बात यह है कि वह हर शहर में बच्चों के लिए एक फुटबॉल मास्टरक्लास आयोजित करेंगे। इसमें वह बच्चों को फुटबॉल के गुर सिखाएंगे और उनके सवालों के जवाब भी देंगे। यह मौका खासकर उन बच्चों के लिए यादगार होगा, जो मेसी को अपना आदर्श मानते हैं।
मेसी साल 2011 में पहली बार भारत आए थे, जब उन्होंने कोलकाता में एक फ्रेंडली मैच खेला था। अब 11 साल से ज्यादा समय बाद उनकी यह वापसी भारतीय फैंस के लिए बड़ी खुशी लेकर आ रही है।
यह दौरा सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि खेल, मनोरंजन और स्टार पावर का शानदार संगम होगा। चारों शहरों में मेसी का स्वागत एक त्योहार की तरह होगा और फैंस के लिए यह पल जीवन भर की यादों में बस जाएगा।
CHANNEL009 Connects India
