बूंदी जिले के देई कस्बे में शुक्रवार को वीर गुर्जर समाज के तत्वावधान में श्री देवनारायण भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत बड़ा पाड़ा स्थित देवनारायण भगवान के स्थानक से हुई, जो लोहड़ी चौहटी, चारभुजा मंदिर, सदर बाजार, गढ़ चौक, मुख्य बाजार और विवेकानंद सर्कल होते हुए बांसी रोड स्थित श्री देवनारायण भगवान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में आगे चल रहे अखाड़ेबाजों ने जगह-जगह हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं महादेव की भूतों की टोली और अग्नि प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। नृत्य करती घोड़ियों ने यात्रा की शोभा बढ़ाई।
श्रीकृष्ण-राधा, हनुमान जी और भगवान देवनारायण की सुंदर झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा देखने के लिए घरों और दुकानों की छतों तक पर लोग नजर आए, जिससे बाजार में कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा।
इस धार्मिक आयोजन में देई के साथ-साथ जैतपुर, चंदनपुरा, लाम्बाबरड़ा, जगमुंदा, मोडसा, हापोलाई, मेढकपुरा, मोहब्बतपुरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
बसोली में वार्षिक कार्यक्रम संपन्न
बसोली क्षेत्र के खेर काटा गांव में बसंत पंचमी के अवसर पर देवनारायण भगवान की वार्षिक तिथि बंधन कार्यक्रम की पूर्णाहुति हुई। सुबह हवन कुंड में आहुतियां दी गईं और रात को भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
सांवतगढ़ में निकली कलश यात्रा
सांवतगढ़ (हिण्डोली) क्षेत्र के हरमाली का खेड़ा गांव में भगवान श्री देवनारायण की मूर्ति स्थापना के अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई। डीजे की धुनों पर महिलाएं और बच्चे नाचते-गाते हुए चले, जिससे पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बन गया।
कलश यात्रा दोपहर करीब 2 बजे शुरू होकर शाम 8 बजे मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद हवन कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर रामरतन मीणा, कजोड़ गुर्जर, बाबूलाल, रामरतन गुंजल, पप्पू सैनी सहित कई गणमान्य लोग और सर्व समाज के सदस्य मौजूद रहे।
CHANNEL009 Connects India
