Related Articles
राजस्थान के उदयपुर के पास देबारी रेलवे स्टेशन के नजदीक चलती ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने की घटना हुई। इस घटना से ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। पथराव में एक युवती सहित कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं।
उदयपुर से मदार जा रही थी ट्रेन
यह ट्रेन सुबह 11.34 बजे राणा प्रताप नगर स्टेशन से रवाना हुई थी। करीब 11.40 बजे जब ट्रेन देबारी स्टेशन के पास मेघवालों की घाटी इलाके से गुजर रही थी, तभी अज्ञात लोगों ने अचानक ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए।
युवती घायल, चश्मा टूटा
जनरल कोच की खिड़की के पास बैठी एक युवती के चेहरे पर पत्थर लग गया। इससे उसका चश्मा टूट गया और नाक से खून आने लगा। युवती के चिल्लाने पर कोच में बैठे यात्री घबरा गए।
चेन खींचकर रोकी गई ट्रेन
घटना के बाद यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका। आसपास देखने पर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया। इसके बाद ट्रेन लगभग एक किलोमीटर आगे जाकर देबारी स्टेशन पर रुकी। वहां घायल युवती को स्ट्रेचर से नीचे उतारकर एंबुलेंस से एमबी अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। घायल युवती की पहचान फतहनगर निवासी शिफा (25) के रूप में हुई है, जो अपनी बहन के साथ यात्रा कर रही थी। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांच के टुकड़ों से बढ़ी घबराहट
घटना के बाद कोच में कांच के टुकड़े बिखरे मिले, जिससे यात्रियों को लगा कि किसी ने कांच की बोतल फेंकी है। बाद में पता चला कि ये टुकड़े युवती के टूटे हुए चश्मे के थे, जो उसके चेहरे पर भी लगे थे।
CHANNEL009 Connects India
