Related Articles
राजस्थान शिक्षा विभाग ने सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि स्कूलों के शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी के लिए कार्यमुक्त न किया जाए। विभाग का कहना है कि इस समय स्कूलों में कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियां और परीक्षाएं चल रही हैं।
स्कूलों में चल रहे हैं कई जरूरी काम
शिक्षा विभाग के अनुसार वर्तमान में कक्षा 9 और 11 की समान परीक्षाएं तथा कक्षा 5 से 7 तक की स्थानीय परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और अंकों को ऑनलाइन अपलोड करने का काम भी जारी है। इन परीक्षाओं के परिणाम 25 मार्च 2026 से पहले जारी करने की योजना है।
25 मार्च को होगा मेगा पीटीएम
25 मार्च को प्रदेश के सभी स्कूलों में मेगा पीटीएम (पैरेंट्स-टीचर मीटिंग) आयोजित की जाएगी, जिसमें अभिभावक और शिक्षक दोनों की भागीदारी जरूरी होगी।
नए सत्र की भी चल रही तैयारी
राज्य सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए प्रवेशोत्सव और छात्रों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण जैसी गतिविधियों की तैयारी भी की जा रही है।
भर्ती से जुड़े कार्य भी जारी
विभाग ने बताया कि इस समय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन भी चल रहा है, जिसमें कई कर्मचारी लगे हुए हैं।
विभाग के मुख्य निर्देश
-
जिन शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षाओं से जुड़ी है, उन्हें अन्य कार्यों के लिए कार्यमुक्त न किया जाए।
-
एकल शिक्षक और दो शिक्षक वाले स्कूलों के शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा।
-
यदि किसी स्कूल के 30 प्रतिशत से ज्यादा शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगती है, तो उन्हें कार्यमुक्त करने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
-
बहुत जरूरी स्थिति में ही शिक्षक को जनगणना कार्य में लगाया जाए और इसके लिए सक्षम अधिकारी की अनुमति लेना जरूरी होगा।
शिक्षा विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
CHANNEL009 Connects India
