भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज़ के बीच एक दिलचस्प बयान सामने आया है। भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा राजनेता मनोज तिवारी ने भारतीय टेस्ट टीम के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने गिल को सलाह दी है कि उन्हें विराट कोहली की नकल करना बंद करनी चाहिए, और अपनी बॉडी लैंग्वेज और भाषा पर कंट्रोल रखना चाहिए।
मनोज तिवारी का कहना है कि शुभमन गिल कप्तानी करते समय पिछले कप्तानों की तरह बर्ताव कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “गिल के हावभाव और बर्ताव में ऐसा लग रहा है जैसे वो विराट कोहली की कॉपी कर रहे हों। क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाना बहुत ज़रूरी होता है। अगर आप किसी और की शैली अपनाते हैं, तो उसका असर आपके अपने खेल पर पड़ता है।” तिवारी ने कहा कि एक कप्तान के रूप में गिल को शांत दिमाग और सम्मानजनक व्यवहार दिखाना चाहिए। “गिल को विरोधी टीम के खिलाड़ियों का सम्मान करना चाहिए और अभद्र भाषा से बचना चाहिए। गाली-गलौच क्रिकेट का हिस्सा नहीं होनी चाहिए, खासकर जब आप टीम के कप्तान हैं।” मनोज तिवारी ने यह भी कहा कि शुभमन की कप्तानी की वजह से उनकी बल्लेबाजी पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।ll “कप्तान बनने के बाद उनकी बल्लेबाजी में पहले जैसी लय नहीं दिख रही है। वह दबाव में नजर आते हैं। उन्हें अपनी मूल शैली में लौटने की जरूरत है, ताकि उनका बल्ला फिर से रन बरसाए।”
मनोज तिवारी ने यह भी जोड़ा कि शुभमन गिल एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें समझना होगा कि कप्तानी एक बड़ी ज़िम्मेदारी होती है। यह सिर्फ फील्ड सेट करने और फैसले लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें व्यवहार और अनुशासन भी अहम भूमिका निभाते हैं।
CHANNEL009 Connects India
