वॉशिंगटन — अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के लिए ट्रंप प्रशासन ने एक नई स्वैच्छिक वापसी योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत जो प्रवासी स्वेच्छा से अमेरिका छोड़ने का विकल्प चुनते हैं, उन्हें 1,000 अमेरिकी डॉलर की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, उनकी वापसी की यात्रा की व्यवस्था में भी सरकार मदद करेगी।
सीबीपी होम ऐप से मिलेगी सुविधा
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने जानकारी दी है कि यह योजना ‘CBP One’ ऐप के माध्यम से संचालित की जाएगी। जो प्रवासी इस ऐप के ज़रिए अपनी स्वदेश वापसी की इच्छा दर्ज कराएंगे, उनके लिए सरकार यात्रा प्रबंध भी करेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया से निर्वासन की कुल लागत में लगभग 70% तक की कमी आएगी।
कितना होता है निर्वासन पर खर्च?
गृह सुरक्षा विभाग के मुताबिक, किसी अवैध प्रवासी को गिरफ़्तार करने, हिरासत में रखने और फिर निर्वासित करने की औसत लागत करीब 17,121 डॉलर आती है। वहीं, स्वैच्छिक वापसी योजना से यह खर्च काफी हद तक कम हो सकता है।
‘स्वैच्छिक वापसी सबसे सुरक्षित विकल्प’
होमलैंड सिक्योरिटी की सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा, “यदि आप अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं, तो गिरफ्तारी से बचने और खुद से देश छोड़ने का विकल्प अपनाना सबसे सुरक्षित और किफायती रास्ता है।”
अवैध प्रवासियों पर ट्रंप का कड़ा रुख जारी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में मिशिगन में एक रैली के दौरान कहा था कि उनके प्रशासन के शुरुआती 100 दिन अमेरिका के इतिहास में सबसे सफल रहे हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में अवैध अप्रवासियों के खिलाफ लिए गए कदमों का विशेष ज़िक्र किया। ट्रंप प्रशासन के कार्यकाल के दौरान अमेरिका पहले ही भारत सहित कई देशों के हजारों अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेज चुका है।
CHANNEL009 Connects India
