इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाज़ी करने वाले तेज़ गेंदबाज़ आकाशदीप इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। वजह है उनका रक्षाबंधन के दिन लखनऊ से खरीदा गया नया ब्लैक टॉप मॉडल फॉर्च्यूनर। उन्होंने यह कार अपनी बहन और परिवार के साथ खरीदी, जिसकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
लेकिन अब यही तस्वीरें लखनऊ के उस कार शोरूम के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं, जहां से आकाशदीप ने गाड़ी खरीदी थी। परिवहन विभाग ने वायरल तस्वीरें देखकर शोरूम को नोटिस जारी कर दिया है।
वायरल फोटो में साफ़ दिखाई दे रहा है कि आकाशदीप को बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के ही गाड़ी दी गई। परिवहन विभाग के नियमों के मुताबिक, बिना HSRP के कोई भी वाहन सड़क पर नहीं चल सकता। इससे पहले भी ऐसे ही मामले में एक शोरूम का रजिस्ट्रेशन एक महीने के लिए निलंबित किया जा चुका है। यही वजह है कि अब लखनऊ के इस शोरूम के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शोरूम प्रबंधन ने सफाई दी कि आकाशदीप की गाड़ी का नंबर UP 32 QW 0041 पहले ही अलॉट हो चुका था। लेकिन रक्षाबंधन के दिन छुट्टी होने के कारण रोड टैक्स नहीं कट सका और HSRP भी नहीं बन पाई।
उनका कहना है कि शनिवार को ही गाड़ी डिलीवर कर दी गई थी, लेकिन सरकारी दफ्तर बंद होने की वजह से आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। शोरूम ने सिर्फ फैंसी नंबर बुकिंग रिसिप्ट काटकर गाड़ी दे दी थी।
आकाशदीप ने यह फॉर्च्यूनर अपनी कैंसर पीड़ित बहन और परिवार को रक्षाबंधन के तोहफ़े के तौर पर दी थी। सोशल मीडिया पर उनकी बहन के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों को लोगों ने काफी पसंद किया।
अब मामला चाहे भावनात्मक हो, लेकिन नियमों का पालन न होने की वजह से शोरूम पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
- बिना HSRP और रजिस्ट्रेशन नंबर के कोई भी वाहन सड़क पर नहीं चल सकता।
- गाड़ी का रोड टैक्स कटने के बाद ही HSRP नंबर प्लेट जारी होती है।
- नियम तोड़ने पर शोरूम का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड किया जा सकता है।
CHANNEL009 Connects India
