एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है और इसी टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का ऐलान बीते मंगलवार को किया गया। टीम का एलान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए हुआ, जिसमें भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर मौजूद रहे।
टीम के नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई। लेकिन इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक और चीज ने सबका ध्यान खींच लिया, वह थी सूर्या की घड़ी। सूर्या ने इस मौके पर एक स्पेशल लिमिटेड एडिशन घड़ी पहनी थी, जिसकी तस्वीरें अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
सूर्यकुमार यादव की यह घड़ी स्विट्ज़रलैंड की मशहूर कंपनी जेकब एंड कंपनी ने बनाई है। इस घड़ी को Epic X Skeleton Ram Janmabhoomi Titanium Edition नाम से लॉन्च किया गया था। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें राम मंदिर, भगवान राम और हनुमान जी की तस्वीरें बनी हैं। इतना ही नहीं, इसके डायल पर ‘जय श्री राम’ भी लिखा हुआ है। यह घड़ी नारंगी रंग की है और इसका पट्टा भगवा रंग का है। दुनिया भर में इसके सिर्फ 49 पीस बनाए गए हैं, जिनमें से एक सूर्या के पास है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घड़ी की कीमत 34 से 65 लाख रुपये तक है।
एशिया कप 2025 का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होगा। इसकी शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। भारतीय टीम अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद सबकी निगाहें उस बड़े मुकाबले पर होंगी, जब 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच भारत का 19 सितंबर को ओमान से होगा।
भारतीय टीम (एशिया कप 2025)
- सूर्यकुमार यादव (कप्तान)
- शुभमन गिल (उपकप्तान)
- अभिषेक शर्मा
- तिलक वर्मा
- हार्दिक पांड्या
- शिवम दुबे
- अक्षर पटेल
- जितेश शर्मा (विकेटकीपर)
- जसप्रीत बुमराह
- अर्शदीप सिंह
- वरुण चक्रवर्ती
- कुलदीप यादव
- हर्षित राणा
- रिंकू सिंह
टीम की घोषणा के साथ ही फैंस उत्साहित हैं, लेकिन इस बार सिर्फ टीम ही नहीं बल्कि सूर्या की अनोखी घड़ी भी क्रिकेट जगत में चर्चा का बड़ा कारण बन गई है।
CHANNEL009 Connects India
