Related Articles
पत्रिका समूह के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चंद्र कुलिश जी के जन्मशती वर्ष के अवसर पर 12 मार्च 2026 को मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस एसएन कॉलेज में कॅरियर गाइडेंस शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्रों को पत्रकारिता और मीडिया के क्षेत्र में कॅरियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
पत्रकारिता केवल खबर लिखना नहीं
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर लिखने तक सीमित नहीं है। इसमें शोध, विश्लेषण और समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने की जिम्मेदारी भी होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में युवाओं के लिए कई कॅरियर विकल्प मौजूद हैं।
कुलिश जी की विरासत को आगे बढ़ाया जा रहा
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. विपिन जैन ने कहा कि कर्पूर चंद्र कुलिश जी ने स्वतंत्रता के शुरुआती समय में समाज की सच्चाई को सामने लाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि आज उनकी विरासत को पत्रिका समूह के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी अपने विचारों और लेखन के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।
अपनी रुचि के अनुसार चुनें कॅरियर
प्रोफेसर डॉ. मनीषा सिंह ने छात्रों से कहा कि सबसे पहले अपनी रुचि और क्षमता को पहचानना जरूरी है। उन्होंने बताया कि केवल डॉक्टर या इंजीनियर ही नहीं, बल्कि बीए, बीएससी और बीकॉम जैसे विषयों के छात्र भी समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
छात्रों को मिली नई दिशा
कार्यक्रम में शामिल छात्रों ने बताया कि इस गाइडेंस सत्र से उन्हें मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में कॅरियर के नए अवसरों के बारे में जानकारी मिली। कई छात्रों ने कहा कि अब उन्हें समझ आया है कि मीडिया के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव भी लाया जा सकता है।
बड़ी संख्या में छात्र हुए शामिल
इस कॅरियर गाइडेंस और युवा संवाद कार्यक्रम में सरकारी और गैर-सरकारी आठ कॉलेजों के करीब 250 छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम में समाजसेवी, शिक्षक, कलाकार और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे और उन्होंने छात्रों को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन दिया।
CHANNEL009 Connects India
