Breaking News

जो रूट: 2020 के बाद से बदली किस्मत, बने टेस्ट क्रिकेट के बादशाह

टेस्ट क्रिकेट की दुनिया में आज अगर किसी को टॉप क्लास बल्लेबाज कहा जाता है, तो उसमें इंग्लैंड के जो रूट का नाम सबसे ऊपर आता है। लेकिन हमेशा से ऐसा नहीं था। साल 2020 तक रूट की हालत अलग थी — तब तक उनके नाम 17 टेस्ट शतक थे और औसत करीब 48 था। खासकर 2018 से 2020 के तीन सालों में उन्होंने सिर्फ 4 शतक लगाए। उस समय उन्हें फैब फोर (विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन और जो रूट) में सबसे पीछे माना जाता था।

लेकिन पिछले 5 सालों में कहानी पूरी तरह बदल गई। रूट ने शतकों की झड़ी लगा दी और अब वे टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस बदलाव का श्रेय वे इंग्लैंड के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम को देते हैं।

रूट 2017 से 2022 तक इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान रहे। उस समय उनकी बल्लेबाजी में गिरावट आई। कप्तान रहते हुए उन्होंने 64 टेस्ट में 14 शतक और 46.44 की औसत से 5295 रन बनाए। उनके अंतिम 17 टेस्ट में टीम को सिर्फ एक जीत मिली। कोविड-19 के दौरान बायो-बबल की थकान और लगातार हार का दबाव भी उन पर था। जब रूट ने कप्तानी छोड़ी, तब मैकुलम इंग्लैंड के हेड कोच बने और बेन स्टोक्स को कप्तान बनाया। उनके आने के बाद रूट की बल्लेबाजी में नई जान आ गई। उन्होंने सिर्फ 41 मैचों में 14 शतक लगाए और 58 की औसत से 3654 रन बना दिए।

रूट कहते हैं — “मैकुलम के साथ काम करने के बाद मैंने खेल को देखने का नजरिया बदल दिया। अब मैं तकनीक से ज्यादा गेम मैनेजमेंट और समस्या का हल ढूंढने पर ध्यान देता हूं। उनका दृष्टिकोण अलग है और उसने मेरे खेल में बड़ा बदलाव लाया है।”

आज रूट के नाम 158 टेस्ट में 13,543 रन और 39 शतक हैं। वे अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में सिर्फ सचिन तेंदुलकर (15,921 रन) से पीछे हैं। दोनों के बीच 2,378 रन का अंतर है। हालांकि रूट कहते हैं कि उनका लक्ष्य सचिन का रिकॉर्ड तोड़ना नहीं, बल्कि खुद को लगातार बेहतर बनाना है।

उनके शब्दों में — “एक खिलाड़ी के तौर पर मोटिवेशन यही है कि आप लगातार विकसित होते रहें, विपक्ष से आगे रहें और रचनात्मक बने रहें।”

भारत के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में रूट ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 5 मैचों की 9 पारियों में 3 शतक और 1 अर्धशतक के साथ 537 रन बनाए और सीरीज के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

अब रूट का अगला बड़ा इम्तिहान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज होगा, जो 21 नवंबर से शुरू होगी। यह इंग्लैंड के लिए पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ एक बड़ी चुनौती होगी।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?