Related Articles
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच को देखने जाने वाले क्रिकेट प्रेमियों के लिए भारतीय रेलवे ने खास व्यवस्था की है। नई दिल्ली से साबरमती (अहमदाबाद) तक एक स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन चलाई जाएगी, जो दिल्ली कैंट, गुरुग्राम और जयपुर होते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर देशभर में उत्साह है और बड़ी संख्या में फैंस अहमदाबाद पहुंचना चाहते हैं। इसी वजह से फ्लाइट के टिकट काफी महंगे हो गए हैं और ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
इस समस्या को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है, जिससे क्रिकेट फैंस को यात्रा में आसानी होगी। इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे और इसमें 2nd AC और 3rd AC की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04062 (नई दिल्ली-साबरमती स्पेशल) शनिवार रात 11:45 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन दिल्ली कैंट, गुरुग्राम और जयपुर होते हुए रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे साबरमती पहुंचेगी, जिससे फैंस समय पर मैच देखने स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह ट्रेन खास तौर पर फायदेमंद रहेगी, क्योंकि जयपुर से अहमदाबाद जाने के विकल्प सीमित और महंगे हो चुके हैं। इस स्पेशल ट्रेन से हजारों फैंस को राहत मिलेगी।
यात्री इस ट्रेन के टिकट IRCTC की वेबसाइट या रेलवे रिजर्वेशन काउंटर से बुक कर सकते हैं। मैच की वजह से सीटों की मांग ज्यादा रहने की संभावना है, इसलिए यात्रियों को जल्द से जल्द टिकट बुक करने की सलाह दी गई है।
CHANNEL009 Connects India
