डीजीपी राजस्थान यूआर साहू ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में नए आपराधिक कानूनों पर एक हैंडबुक और अनुसंधान फ्लो चार्ट का पोस्टर लॉन्च किया। नए सीआरपीसी, आईपीसी और एविडेंस एक्ट को 1 जुलाई से पूरे देश में लागू किया जाएगा।
इस मौके पर एडीजी क्राइम दिनेश एमएन, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के सचिन मित्तल, पुलिस ट्रेनिंग के राहुल कोटोकी, इंटेलिजेंस ट्रेनिंग अकादमी के डायरेक्टर दीपक भार्गव और एसपी जयपुर ग्रामीण शांतनु कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
आईओ हैंडबुक में पुलिस अनुसंधान प्रक्रिया के पुराने और नए कानूनों की तुलना, राजस्थान पुलिस अधिनियम और रेगुलेशन के प्रावधान, और विधि विज्ञान की जांच में उपयोगी जानकारी के साथ फ्लो चार्ट और ब्रोशर शामिल किए गए हैं। डीजीपी साहू ने इस हैंडबुक और फ्लो चार्ट को पुलिस रेंज, जिला, वृत और थाना स्तर तक पहुंचाने के आदेश दिए हैं।
सात समितियों का गठन
डीजीपी साहू ने बताया कि 1 जुलाई से देश में नए आपराधिक कानून लागू किए जाएंगे। अब तक प्रदेश में 12 हजार पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को नए कानून की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। जून के अंत तक और पुलिस अनुसंधान अधिकारियों की ट्रेनिंग पूरी कर ली जाएगी। नए कानूनों के लिए सात समितियों का गठन किया गया है। एडीजी पुलिस ट्रेनिंग मालिनी अग्रवाल को राज्य में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है और उप महानिरीक्षक पुलिस प्रशिक्षण राहुल कोटोकी को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है।
CHANNEL009 Connects India
