पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे मुकाबला जीतकर सीरीज में शानदार शुरुआत की। ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान के सामने 281 रनों का लक्ष्य था। एक समय टीम मुश्किल में फंस गई थी। 38वें ओवर में स्कोरबोर्ड पर 180 रन थे और 5 विकेट गिर चुके थे। लेकिन 22 साल के युवा बल्लेबाज हसन नवाज ने मैदान पर डटे रहकर मैच का रुख बदल दिया।
यह हसन नवाज का पहला वनडे मुकाबला था और उन्होंने दबाव में खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। उनकी नाबाद अर्धशतकीय पारी ही पाकिस्तान की जीत की सबसे बड़ी वजह रही, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हसन नवाज ने शुरुआत में बेहद संभलकर बल्लेबाजी की। 39वें ओवर तक उनका स्कोर सिर्फ 12 रन (23 गेंद) था। उस समय पाकिस्तान को जीत के लिए 66 गेंदों पर 89 रन बनाने थे। ऐसे हालात में उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया और 48 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिर में हसन 54 गेंदों पर 63 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में 5 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल थे। यह 2019 के बाद पहला मौका है जब किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी ने अपने वनडे डेब्यू में 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।
हसन नवाज का जन्म 21 अगस्त 2002 को पाकिस्तान के दक्षिणी पंजाब के लय्याह शहर में हुआ। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर विकेटकीपिंग भी कर लेते हैं। 2022 में उन्होंने नेशनल टी20 कप से पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया। फिलहाल वह पाकिस्तान की डोमेस्टिक टीम नॉर्दर्न के लिए खेलते हैं। हसन की पहचान तेज तर्रार और मैच जिताने वाली बल्लेबाजी के लिए होती है।
पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस को अब हसन नवाज से आने वाले समय में और बड़े प्रदर्शन की उम्मीद है, क्योंकि उन्होंने पहले ही मैच में साबित कर दिया है कि दबाव में भी मैच फिनिश करने का हुनर उनमें मौजूद है।
CHANNEL009 Connects India
