दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी केप प्रांत में लगातार भारी बारिश और अप्रत्याशित बर्फबारी के कारण आई भयावह बाढ़ से कम से कम 49 लोगों की जान चली गई है। मरने वालों में छह स्कूली छात्र भी शामिल हैं, जो बाढ़ के दौरान एक नदी में फंसी बस में सवार थे और तेज बहाव में बह गए।
प्राकृतिक आपदा से पूर्वी केप सबसे अधिक प्रभावित
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस आपदा के पीछे असामान्य ठंड और मौसम में अचानक आए बदलाव को जिम्मेदार ठहराया गया है। भारी बारिश के साथ हुई बर्फबारी ने इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।
पूर्वी केप के प्रीमियर ऑस्कर माबुयाने ने जानकारी दी कि अभी भी चार छात्र लापता हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पहले जहाँ मृतकों की संख्या 7 बताई गई थी, अब यह बढ़कर 49 हो गई है।
दक्षिण अफ्रीका: विविधता से भरा देश
अफ्रीका के दक्षिणी सिरे पर स्थित यह देश ‘द वर्ल्ड इन वन कंट्री’ के नाम से भी जाना जाता है। दक्षिण अफ्रीका की एक खास विशेषता यह है कि यहां तीन राजधानियाँ हैं — प्रिटोरिया (प्रशासनिक), केप टाउन (विधायी) और ब्लोमफोंटेन (न्यायिक)।
देश की अनुमानित जनसंख्या लगभग 63 से 64 मिलियन के बीच है। यह नस्लीय और सांस्कृतिक दृष्टि से अफ्रीका के सबसे विविध देशों में से एक है। यहाँ अफ्रीकी जनजातियों के साथ-साथ भारतीय मूल के नागरिकों की भी बड़ी आबादी है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, जुलु और जोसा यहां की दो प्रमुख मातृभाषाएं हैं।
CHANNEL009 Connects India
