Related Articles
बालाघाट। दीपोत्सव की शुरुआत होते ही बाजारों में रौनक छा गई है। शहर के मुख्य बाजारों में रंगोली, साज-सज्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, बर्तन और आभूषणों की दुकानें सज गई हैं। व्यापारी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई ऑफर और स्कीमें चला रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि धनतेरस पर अच्छे कारोबार से सालभर की मंदी दूर होगी।
गुरु पुष्य नक्षत्र पर एक करोड़ के कारोबार की उम्मीद: गुरुवार को शुभ मुहूर्त में गुरु पुष्य नक्षत्र के चलते बाजार में काफी रौनक रही। सराफा बाजार में सोने-चांदी की जमकर खरीदी हुई। सराफा एसोसिएशन के अनुसार, इस दिन करीब एक करोड़ से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। इससे व्यापारियों में भी उत्साह बढ़ा है।
ऑटोमोबाइल्स में बढ़ी बुकिंग: दीपावली से पहले ऑटोमोबाइल्स, ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम्स में भी ऑफर्स दिए जा रहे हैं। पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर ढाई साल बाद ऑटोमोबाइल सेक्टर में बूम देखने को मिला है। बाइक और कार की बुकिंग में बढ़ोतरी हुई है। खासकर छह से पंद्रह लाख तक की कीमत वाली कारों की अधिक मांग है।
गहनों और सिक्कों की बढ़ी मांग: सराफा व्यापारी मनोज सोनी के अनुसार, इस बार सोने-चांदी के गहनों के साथ सिक्कों की मांग भी बढ़ी है। सबसे ज्यादा टेंपल ज्वेलरी, कड़े, कंगन और अन्य आभूषणों की खरीदी हुई है।
बाजार में देर रात तक चहल-पहल: शहर के बाजार अब पूरी तरह से दीपावली के रंग में रंग गए हैं। भटेरा रोड, गुजरी बाजार, मेन रोड, और सराफा बाजार में रंग-बिरंगी लाइटिंग के साथ आकर्षक सजावट देखने को मिल रही है।
धनतेरस पर उम्मीदों का बाजार: व्यापारियों को धनतेरस और दीपावली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कई दुकानदार 50 हजार की खरीदी पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और अन्य ऑफर दे रहे हैं। आटोमोबाइल्स में बाइक खरीदने पर लकी ड्रॉ कूपन, बर्तन की खरीदी पर फ्री गिफ्ट्स, कपड़ा बाजार में एक के साथ दूसरा फ्री जैसी स्कीमें दी जा रही हैं।
पुष्य नक्षत्र का महत्व: ज्योतिषाचार्य अरविंद चंद्र तिवारी के अनुसार, इस वर्ष गुरुवार को पुष्य नक्षत्र का शुभ योग पड़ा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस दिन की गई सभी खरीदारी शुभ मानी जाती है, इसलिए इसे खरीदारी के लिए विशेष माना जाता है।
CHANNEL009 Connects India
