बुधवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में विश्व नशा निरोधक दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुरलीपुरा के गायत्री चेतना केंद्र और गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ की ओर से दादी का फाटक पर नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब 400 से अधिक मजदूरों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मजदूरों के सामने झोली फैलाकर शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट छोड़ने की भीख मांगी। इस भावनात्मक अपील का तुरंत असर हुआ और एक दर्जन से अधिक लोगों ने बीड़ी, गुटखा और शराब का सेवन न करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति आंदोलन जयपुर के प्रभारी प्रहलाद शर्मा, गणपत वर्मा, राजेंद्र सैनी, मंगल सैनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। इससे पहले मुरलीपुरा के रामेश्वर धाम स्थित गायत्री चेतना केंद्र से दादी का फाटक तक नशा मुक्ति रैली निकाली गई।
गायत्री शक्तिपीठ ब्रहपुरी, गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ और वेदना निवारण केंद्र में भी नशा मुक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
CHANNEL009 Connects India
