पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साफ कर दिया है कि वह अब भविष्य में वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा।
PCB का कहना है कि WCL में भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल मैच रद्द करने का फैसला बिल्कुल गलत और पक्षपातपूर्ण था। बोर्ड ने आरोप लगाया कि टूर्नामेंट में भारत को मनमाफिक फैसलों का फायदा दिया गया और खेल की निष्पक्षता को नुकसान पहुंचाया गया। PCB ने अपनी 79वीं बोर्ड मीटिंग में बताया कि जब भारत लीजेंड्स ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल खेलने से मना किया, तब भी उन्हें अंक दे दिए गए। इतना ही नहीं, मैच रद्द होने के बाद जारी की गई प्रेस रिलीज में ‘खेल के जरिए शांति’ जैसी बातें कर स्थिति को घुमाने की कोशिश की गई। PCB का मानना है कि टूर्नामेंट के नियम राजनीति और व्यावसायिक दबाव में बदल दिए गए थे।
बोर्ड ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट में शामिल होना खेल भावना के खिलाफ है, क्योंकि वहाँ बाहरी दबावों के कारण फैसले लिए जाते हैं। PCB ने मजबूरी में यह बड़ा फैसला लिया कि अब पाकिस्तान की टीमें भविष्य में इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बनेंगी।
बता दें कि पहले लीग चरण में भी शिखर धवन सहित कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार किया था। इसके बाद सेमीफाइनल में दोनों टीमों का फिर सामना होना था, लेकिन इस बार भारतीय टीम ने मैच से हटने का फैसला किया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
CHANNEL009 Connects India
