डिफेंडिंग चैंपियन और ऑस्ट्रेलिया के युवा टेनिस खिलाड़ी एलेक्सी पोपिरिन ने नेशनल बैंक ओपन में शानदार खेल दिखाते हुए टॉप-5 खिलाड़ी होल्गर रूने को हराकर बड़ा उलटफेर किया है। रविवार को टोरंटो में खेले गए इस तीसरे राउंड के मुकाबले में पोपिरिन ने पांचवीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क के रूने को 4-6, 6-2, 6-3 से मात दी।
मैच की शुरुआत में पोपिरिन लय में नजर नहीं आए और पहले सेट में उन्हें 11 ब्रेक पॉइंट मिले लेकिन वह एक भी मौका नहीं भुना सके। रूने ने इस सेट को 6-4 से अपने नाम किया। हालांकि, दूसरे सेट से पोपिरिन ने जोरदार वापसी की और दोनों ब्रेक पॉइंट्स को भुनाते हुए यह सेट आसानी से 6-2 से जीत लिया। तीसरे और निर्णायक सेट में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने शुरुआत में ही सर्विस तोड़ते हुए बढ़त हासिल की और 14 ऐस तथा 13 शानदार फोरहैंड विनर्स की मदद से मुकाबला अपने नाम किया।
मैच जीतने के बाद पोपिरिन ने कहा, “मैं इस टूर्नामेंट में बहुत ज्यादा आत्मविश्वास के साथ नहीं आया था। मानसिक रूप से खुद को मजबूत बनाने की जरूरत थी। पहले सेट के बाद मैं खुश नहीं था क्योंकि ब्रेक पॉइंट का फायदा नहीं उठा पाया। लेकिन जब दोबारा कोर्ट पर उतरा तो लगा कि मैच पर मेरा कंट्रोल है। मैंने खुद से कहा कि अगली बार मौका मिला तो आक्रामक तरीके से खेलूंगा – और वही मैंने किया।” 25 वर्षीय पोपिरिन ने सर्व और फोरहैंड के शानदार मिश्रण से अपना दम दिखाया। दूसरे सेट में उन्होंने बेसलाइन से सिर्फ दो अनफोर्स्ड एरर कीं। इस जीत के साथ ही कनाडा की धरती पर उनकी लगातार जीत की लय 9 मैचों तक पहुंच चुकी है। इससे पहले उन्होंने तीसरे राउंड में पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 डेनियल मेदवेदेव को बाहर कर सभी को चौंकाया था। पिछले साल मॉन्ट्रियल में हार्ड कोर्ट पर खिताब जीतने के बाद यह पहली बार है जब पोपिरिन किसी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुँचे हैं।
अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं। टेनिस प्रशंसकों को इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार रहेगा।
CHANNEL009 Connects India
