ऑस्ट्रेलिया में चल रही टॉप एंड टी20 सीरीज में गुरुवार, 14 अगस्त को पाकिस्तान शाहींस और बांग्लादेश ए टीम के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 79 रनों से हराया, लेकिन इस जीत के बीच मैदान पर एक ऐसा पल भी आया जिसने सबका ध्यान खींच लिया।
पाकिस्तान शाहींस के ओपनर ख्वाजा नफे और यासिर खान ने टीम को जोरदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेज खेलते हुए सिर्फ 12 ओवर में 118 रनों की साझेदारी कर डाली। लेकिन 12वें ओवर की पहली गेंद पर विवाद जैसा माहौल बन गया। यासिर खान बड़े शॉट के लिए स्विंग कर गए लेकिन गेंद उनके पैड पर लगी। नॉन-स्ट्राइक पर खड़े ख्वाजा नफे रन लेने दौड़ पड़े, लेकिन यासिर ने तुरंत ‘ना’ कर दिया। ख्वाजा पहले तो रुक गए, लेकिन फिर दौड़ना शुरू किया। इस बीच विकेटकीपर ने गेंद पकड़कर गेंदबाज को थ्रो किया और गेंदबाज ने आसानी से बेल्स गिरा दीं।
जैसे ही ख्वाजा नफे रन आउट हुए, उन्होंने गुस्से में यासिर की तरफ देखा और अपना बल्ला जोर से नीचे फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने यासिर पर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। दिलचस्प बात ये रही कि जिस खिलाड़ी पर ख्वाजा गुस्सा कर रहे थे, वही यासिर खान बाद में मैच के हीरो बने।
ख्वाजा नफे ने 31 गेंदों में ताबड़तोड़ 61 रन बनाए। वहीं यासिर खान ने भी अपनी पारी में कमाल दिखाया — उन्होंने 40 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। न सिर्फ बल्लेबाजी में बल्कि फील्डिंग में भी उन्होंने चमक बिखेरी और 2 शानदार कैच पकड़े। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान शाहींस ने निर्धारित 20 ओवर में 227 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में बांग्लादेश ए टीम पूरी तरह दबाव में आ गई और 148 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के इस धमाकेदार प्रदर्शन से टीम ने सीरीज में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली।
CHANNEL009 Connects India
