आज भारत अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पूरे देश में जश्न का माहौल है और लोग सोशल मीडिया पर तिरंगे के साथ अपनी देशभक्ति और भावनाओं को व्यक्त कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेटर्स ने भी अपने संदेशों के जरिए देशवासियों को आज़ादी की बधाई दी है।
इसी तरह, 14 अगस्त को पाकिस्तान ने अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर पाकिस्तान के कई मशहूर क्रिकेटर्स ने सोशल मीडिया पर अपने देश के लिए खास संदेश लिखे।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आज़म ने एकता, विश्वास और अनुशासन पर जोर देते हुए लिखा –
“एकता, विश्वास और अनुशासन सिर्फ शब्द नहीं हैं, ये हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। 14 अगस्त हमें याद दिलाता है कि पाकिस्तान तब बना जब लाखों लोगों के दिल एक साथ धड़के, विश्वास कभी नहीं टूटा और अनुशासन ने सपनों को हकीकत में बदल दिया। अगर आज हम एकजुट हैं तो कल कोई चुनौती हमें हरा नहीं सकती। पाकिस्तान हम सबका है और हम सब पाकिस्तान के हैं। स्वतंत्रता दिवस की ढेरों शुभकामनाएं।”
पाकिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने युवाओं से देश की तरक्की में योगदान देने की अपील की। उन्होंने लिखा – “ऐ मेरे वतन के नौजवानों! यह मुल्क तुम्हारी मेहनत और हौसले से आगे बढ़ेगा। ये बाग उन कुर्बानियों की खुशबू से महक रहा है जो हमारे बुजुर्गों ने दीं। तुम्हारे सपने, तुम्हारे काम और समर्पण का इंतज़ार कर रहे हैं।”
ओपनर बल्लेबाज फखर ज़मान ने अपने देश के लिए प्यार और जुनून को सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने लिखा – “पाकिस्तान के लिए हमारा प्यार हमें बड़े सपने देखने और ज्यादा हासिल करने की ताकत देता है। यही जुनून हमें आगे बढ़ाता रहेगा। पाकिस्तान, स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”
तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने देश के झंडे और शहीदों की कुर्बानियों का सम्मान करते हुए कहा –
“मैं अपने देश को अपने दिल में और उसके झंडे को अपनी आत्मा में बसाए रखता हूं। आज हम 78 साल की बहादुरी, एकता और बलिदानों को सलाम करते हैं, जिन्होंने हमारे देश का भविष्य बनाया। पाकिस्तान हमारा गर्व है, हमारी ताकत है और हमारी अमर रोशनी है। हमें इसकी रक्षा करनी है, इसका सम्मान करना है और इसके झंडे को हर दिन ऊंचा लहराना है। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।”
भारत 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों की हुकूमत से आज़ाद हुआ था। इसी आज़ादी के साथ भारत और पाकिस्तान, दो अलग-अलग देशों में बंट गए। भारत हर साल 15 अगस्त को और पाकिस्तान 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाता है। आज दोनों देशों के लोग अपने-अपने अंदाज में आज़ादी की खुशियां मना रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपने देश के लिए गर्व और प्यार के संदेश लिख रहे हैं।
CHANNEL009 Connects India
