15 अगस्त का दिन हर भारतीय के लिए गर्व और भावनाओं से जुड़ा हुआ होता है। यही वो तारीख है जब साल 1947 में भारत ने लगभग 200 साल की ब्रिटिश गुलामी से आज़ादी पाई थी। इस दिन को हम स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाते हैं और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करते हैं। लेकिन यह दिन सिर्फ इतिहास के पन्नों में ही खास नहीं है, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर भी इसका अपना अलग महत्व है।
भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इसी दिन एक ऐसा कारनामा किया था, जो आज तक कोई दूसरा भारतीय खिलाड़ी नहीं दोहरा सका है।
साल 2019 में भारत वेस्टइंडीज दौरे पर था। सीरीज का तीसरा वनडे पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जा रहा था। बारिश के कारण मैच बाधित हुआ और तारीख बदल गई। भारत के समयानुसार जब मैच 15 अगस्त की सुबह जारी था, तभी कोहली ने अपनी शानदार पारी पूरी की। कोहली ने कप्तानी करते हुए नाबाद 114 रन बनाए। उन्होंने ये पारी 115.15 के स्ट्राइक रेट से खेली और इसमें 14 चौके लगाए। इस शतक के साथ कोहली स्वतंत्रता दिवस के दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक बनाने वाले एकमात्र भारतीय बन गए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 35 ओवर में 7 विकेट पर 240 रन बनाए। उनकी तरफ से क्रिस गेल ने ताबड़तोड़ 41 गेंदों में 72 रन बनाए। भारत की तरफ से विराट कोहली के अलावा श्रेयस अय्यर ने भी शानदार खेल दिखाया और 65 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में खलील अहमद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए। कोहली और अय्यर की साझेदारी के दम पर भारत ने यह मैच 15 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से जीत लिया।
15 अगस्त 1947 को भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम लागू हुआ था, जिससे ब्रिटिश शासन का अंत हुआ और भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र बना। इस दिन को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है और शहीदों के बलिदान को याद किया जाता है।
आज विराट कोहली दुनिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा शतक बनाए हैं और अपनी पिछली 15 वनडे पारियों में 3 शतक और 5 अर्धशतक जड़े हैं। इसके बावजूद इन दिनों उनके चयन को लेकर चर्चा हो रही है।
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, वनडे टीम में वापसी से पहले उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंट में खेलना पड़ सकता है। इससे पहले, टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले उन्हें रणजी ट्रॉफी खेलनी पड़ी थी। क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि इतने बड़े खिलाड़ी को बार-बार खुद को साबित करने के लिए मजबूर करना, उनके कद के साथ न्याय नहीं है।
CHANNEL009 Connects India
