Breaking News

भारत-इंग्लैंड ओवल टेस्ट: तीसरे दिन के बाद भारत की जीत गेंदबाज़ों पर टिकी

केनिंग्टन ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा पांचवां टेस्ट अब एक बेहद रोमांचक मोड़ पर आ चुका है। तीसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है और अब मुकाबला पूरी तरह से भारत के गेंदबाज़ों और इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों के बीच है। अगर मौसम ने कोई रुकावट नहीं डाली, तो इस मैच का नतीजा तय माना जा रहा है।

तीसरे दिन भारत की दूसरी पारी पूरी हो गई और टीम ने इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए हैं। सलामी बल्लेबाज़ जैक क्रॉली 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेन डकेट 34 रन बनाकर नाबाद हैं। अब इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रन और चाहिए, जबकि भारत को सिर्फ 9 विकेट लेने हैं। भारत की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही थी। ओपनर केएल राहुल सिर्फ 7 और साई सुदर्शन 11 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। लेकिन इसके बाद यशस्वी जायसवाल और आकाशदीप ने पारी को संभाल लिया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 107 रनों की मजबूत साझेदारी की।

यशस्वी जायसवाल ने सीरीज का दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने 164 गेंदों पर 118 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

वहीं आकाशदीप, जो बतौर नाइटवॉचमैन बल्लेबाज़ी करने आए थे, उन्होंने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाते हुए 94 गेंदों में 66 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके शामिल थे। इसके बाद शुभमन गिल (11) और करुण नायर (17) जल्दी आउट हो गए। फिर रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला और 77 गेंदों में 53 रन बनाते हुए टीम को आगे बढ़ाया। ध्रुव जुरेल ने भी 34 रनों की उपयोगी पारी खेली। जब भारत का स्कोर 357 पर 9 विकेट हो गया था, तब वाशिंगटन सुंदर ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की। उन्होंने सिर्फ 46 गेंदों पर 53 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने भारत का स्कोर 374 तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड के लिए जोश टंग सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 125 रन देकर 5 विकेट लिए। गस एकटिंसन को 3 और जेमी ओवरटन को 2 विकेट मिले। इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर क्रिस वोक्स चोटिल होने के कारण मैच से बाहर हैं – वह ना तो बल्लेबाज़ी कर सके और ना ही गेंदबाज़ी।

तीसरे दिन के अंत तक इंग्लैंड ने बिना ज्यादा नुकसान के 50 रन बना लिए हैं, लेकिन भारत की गेंदबाज़ी लाइनअप में दम है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर मिलकर भारत को जीत दिला पाएंगे?

About Hussain

Check Also

ईंधन बचत की अपील के बाद पीएम ने घटाया काफिले का आकार

संसाधनों के बेहतर उपयोग और ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?