भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच टेस्ट मैचों की रोमांचक सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई. यह सीरीज किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म से कम नहीं रही, जिसमें हर मैच में उतार-चढ़ाव और जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला. खासतौर पर लंदन के ओवल मैदान में हुआ आखिरी टेस्ट मैच तो थ्रिलर मूवी की तरह साबित हुआ, जहां टीम इंडिया ने मात्र 6 रनों से सांसें रोक देने वाली जीत दर्ज की.
हालांकि सीरीज खत्म होने के बाद सबसे अधिक चर्चा में भारतीय पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान का एक ट्वीट रहा. उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “यह सीरीज सबको याद दिलाती है कि क्रिकेट किसी के लिए नहीं रुकता है.” बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर बहस छिड़ गई. कई फैंस ने इसे विराट कोहली और रोहित शर्मा की टेस्ट फॉर्मेट से रिटायरमेंट से जोड़ दिया. एक यूजर ने यहां तक पूछ लिया कि आखिर इरफान पठान को विराट से क्या दिक्कत है. कुछ लोगों ने उनके ट्वीट को जसप्रीत बुमराह से भी जोड़कर देखा, जिन्होंने पूरी सीरीज में सिर्फ तीन मैच खेले. जहां कुछ लोगों ने पठान का समर्थन किया, वहीं कुछ ने उन्हें जमकर ट्रोल भी किया.
ओवल टेस्ट की बात करें तो इंग्लैंड को आखिरी दिन जीत के लिए सिर्फ 35 रनों की ज़रूरत थी और उनके पास तीन विकेट बचे थे. शुरू के ओवर में दो चौके लगते ही लगा कि मेज़बान टीम आसानी से मैच निकाल लेगी. लेकिन दूसरे ही ओवर में तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने जैमी स्मिथ को 2 रन पर आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिला दी. इसके बाद गस एटकिंसन और जेमी ओवर्टन ने एक-एक रन जोड़कर लड़ाई जारी रखी, लेकिन ओवर्टन भी 9 रन बनाकर चलते बने. जोश टंग भी ज्यादा देर नहीं टिके और पवेलियन लौट गए. अब सारी उम्मीदें एटकिंसन पर टिकी थीं क्योंकि क्रिस वोक्स चोट के कारण बैटिंग के लिए उपलब्ध नहीं थे. सिराज की गेंद पर एटकिंसन ने जब एक छक्का लगाया तो भारतीय खेमे की धड़कनें तेज हो गईं. उन्होंने अकेले दम पर जीत का अंतर 10 रनों से भी कम कर दिया था. लेकिन 86वें ओवर की पहली ही गेंद पर सिराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया और भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की. इस जीत से जहां भारतीय फैंस खुशी से झूम उठे, वहीं सीरीज खत्म होने के बाद भी इरफान पठान का ट्वीट मैदान के बाहर एक नई बहस को हवा दे गया है.
CHANNEL009 Connects India
