इस्लामाबाद — भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। अपने हालिया संबोधन में मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान अपनी संप्रभुता और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए “हरसंभव कदम” उठाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, जिसे लेकर पाकिस्तान पर उंगलियाँ उठ रही हैं।
सेना प्रमुख का विवादास्पद बयान
जनरल मुनीर ने यह टिप्पणी बलूचिस्तान की 15वीं राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों से बातचीत के दौरान की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति का पक्षधर है, लेकिन यदि देश की अखंडता को चुनौती दी गई, तो उसकी प्रतिक्रिया सशक्त और निर्णायक होगी।
बलूचिस्तान पर तीखा रुख
मुनीर ने बलूचिस्तान में सक्रिय आतंकवादी गुटों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे तत्व बलूच पहचान और देशभक्ति को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने इन गुटों को ‘धोखेबाज’ और ‘राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा’ बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।
पहले भी दे चुके हैं उकसावे वाले बयान
यह पहली बार नहीं है जब मुनीर ने भारत को लेकर भड़काऊ टिप्पणी की है। इससे पहले, उन्होंने इस्लामाबाद में दिए एक बयान में कहा था कि पाकिस्तान और भारत के मूलभूत अंतर बहुत गहरे हैं — धर्म, संस्कृति और सोच के स्तर पर। उन्होंने कश्मीर को “पाकिस्तान की नसों में बहता खून” बताया था, जो भारत-पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनाव का विषय रहा है।
CHANNEL009 Connects India
