इस्लामाबाद। भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया घटनाओं ने सीमा पर तनाव बढ़ा दिया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। इस बीच पाकिस्तान सेना ने दावा किया है कि भारत ने 7 और 8 मई की रात को उसके कई प्रमुख शहरों पर ड्रोन हमले किए।
पाक सेना का आरोप:
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता के अनुसार, भारत ने इजरायली ड्रोन के जरिए लाहौर, अटक, गुजरांवाला, चकवाल, रावलपिंडी, बहावलपुर, मियांवाली और कराची समेत कई शहरों को निशाना बनाया। इन हमलों में लाहौर में चार पाकिस्तानी सैनिकों के घायल होने की जानकारी भी दी गई है।
प्रमुख ठिकानों पर हमले की बात:
पाक का दावा है कि रावलपिंडी में फूड स्ट्रीट, रेस कोर्स ट्रांजिट कैंप और स्कीम 3 जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर ड्रोन से हमले किए गए। कराची में गुलशन-ए-हदीद और मलीर के अलावा सिंध प्रांत के घोटकी के मियानो इलाके पर भी हमलों की सूचना दी गई।
भारतीय जवाबी कार्रवाई का असर:
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की जवाबी कार्रवाई ने पाकिस्तान को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। भारत के ड्रोन हमलों से लाहौर, अटक, गुजरांवाला, चकवाल, रावलपिंडी, बहावलपुर, मियांवाली, कराची और छोर में बुनियादी ढांचे को गंभीर क्षति हुई है।
डिफेंस सिस्टम पर सीधा प्रहार:
भारतीय रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि गुरुवार सुबह भारत की वायुसेना ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम और रडार को निशाना बनाते हुए उन्हें सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। हार्पी ड्रोन की मदद से रावलपिंडी स्टेडियम समेत कई रक्षा स्थलों को तहस-नहस किया गया।
पाक की कोशिशों को भारत ने किया नाकाम:
वहीं, भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि बुधवार रात को पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर और पंजाब क्षेत्र में स्थित भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की जो कोशिश की गई थी, उसे समय रहते नाकाम कर दिया गया। पाकिस्तान ने अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज को निशाना बनाने की योजना बनाई थी।
CHANNEL009 Connects India
