Related Articles
सवाई माधोपुर, राजस्थान।
रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर एक बार फिर बाघ दिखाई देने से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। बुधवार को यह बाघ जंगल से निकलकर सीधे मंदिर जाने वाले रास्ते पर आ गया और करीब 15 मिनट तक वहीं टहलता रहा। बाघ को देखकर श्रद्धालु और पर्यटक घबरा गए और वहां अफरा-तफरी मच गई।
वाहनों की लगी लंबी कतार
बाघ के आने के दौरान सड़क पर चल रहे चौपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ देर बाद जब बाघ वापस जंगल की ओर लौट गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल वन विभाग की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि यह कौनसा बाघ था।
पिछले ढाई महीने में तीन मौतें
रणथंभौर में पिछले करीब ढाई महीनों में बाघ के हमलों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से एक 7 साल के मासूम कार्तिक सुमन की त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर ही बाघ के हमले में मौत हुई थी। इसके अलावा रेंजर देवेंद्र सिंह और जैन मंदिर के चौकीदार राधेश्याम माली की भी बाघ हमलों में जान जा चुकी है।
खतरा अभी भी बरकरार
हाल ही में वन विभाग ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाघिन टी-84 के तीन शावकों को पार्क से बाहर भेजा था। इससे लोगों को लगा था कि अब मंदिर मार्ग पर बाघों का खतरा खत्म हो गया है। लेकिन बुधवार को फिर से बाघ के दिखने से लोगों की चिंता फिर बढ़ गई है।
वन विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। श्रद्धालु और पर्यटक अब सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाने लगे हैं।
CHANNEL009 Connects India
