संजय गांधी ताप विद्युत गृह में कर्मचारियों और अधिकारियों के आने-जाने के लिए चलाई जा रही बड़ी और मिनी बसों में नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
परियोजना ने बसों की व्यवस्था तो की है, लेकिन न तो परिवहन विभाग के नियमों का पालन हो रहा है और न ही परियोजना के। बसों के ड्राइवरों को न तो कोई सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं और न ही वे वर्दी पहनते हैं। अब तक न तो बसों के गेट पास बने हैं और न ही ड्राइवर या कंडक्टर के।
विद्युत मंडल के नियमों के अनुसार बिना ईपीएफ (EPF) के किसी भी फर्म या ठेकेदार का बिल पास नहीं होना चाहिए, लेकिन ड्राइवर और कंडक्टर ने बताया कि उन्हें पीएफ नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद बस संचालक के बिल कैसे पास हो रहे हैं, यह सवाल उठ रहा है।
इस पर संजय गांधी ताप विद्युत गृह के सुरक्षा अधिकारी डीएस चौहान ने कहा कि जल्दी ही एक परिपत्र जारी कर सभी वाहन मालिकों को गेट पास बनवाने का निर्देश दिया जाएगा। जो भी इसका पालन नहीं करेगा, उसके वाहनों का परिसर में प्रवेश रोक दिया जाएगा।
CHANNEL009 Connects India
