बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार रात एक खेत के पास चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
जंगल के अंधेरे में दिखी रोशनी से खुला राज
बुधवार रात दरोगा राजकुमार गौतम, योगेश कुमार और कांस्टेबल चेतन सिंह व दीपक यादव गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें कुंडरा चौकी क्षेत्र के मिलक पिछौड़ा गांव के पास सूचना मिली कि कब्रिस्तान के पास खेतों में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और चुपचाप खेत की तरफ बढ़ी। वहां पेड़ों के नीचे एक युवक टाट की बोरी पर हथियार बनाते दिखा। पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ लिया।
हथियार और उपकरण बरामद
मौके से पुलिस ने दो तैयार तमंचे, तीन अधबने तमंचे, एक जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस के खोखे और हथियार बनाने के औजार जैसे लोहे के पाइप, हथौड़ा, रेती और बैरल बरामद किए। पकड़े गए युवक ने अपना नाम भीमसेन उर्फ बबलू पुत्र उमा चरण, निवासी ग्राम बलपुर, थाना नवाबगंज बताया। पूछताछ में भीमसेन ने कबूल किया कि वह लंबे समय से अवैध तमंचे बनाकर आसपास के इलाकों और अन्य जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था।
CHANNEL009 Connects India
