सिंगापुर में शनिवार को 2025 के आम चुनावों के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक चलने वाले इस चुनाव में करीब 27.5 लाख पंजीकृत मतदाता 92 संसदीय सीटों पर 211 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मौजूदा प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, जो पिछले एक वर्ष से पद पर हैं, अपनी पार्टी पीपल्स एक्शन पार्टी (PAP) के लिए एक नया जनादेश हासिल करना चाह रहे हैं।
इस बार चुनाव में महंगाई, रियल एस्टेट की कीमतों में उछाल और विदेशी श्रमिकों की बढ़ती संख्या जैसे मुद्दे मतदाताओं की प्राथमिकता में हैं। PAP, जो सिंगापुर की आजादी के बाद से सत्ता में है, इन चुनावों के माध्यम से एक बार फिर से देश की कमान अपने हाथ में बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
मतदान की तैयारियां और आंकड़े
देशभर में 1,240 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 97 में से 92 सीटों पर मतदान हो रहा है, जबकि 5 सीटों पर पीएपी के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। चुनावी मुकाबले में 11 राजनीतिक दलों के अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। इस बार कुल 211 उम्मीदवार मैदान में हैं।
प्रमुख दलों की स्थिति
सत्ताधारी पीएपी सभी 32 GRC (ग्रुप रिप्रेजेंटेशन कांस्टीट्यूएंसी) सीटों पर उम्मीदवार उतार रही है, जबकि प्रमुख विपक्षी दल वर्कर्स पार्टी (WP) 26 सीटों पर किस्मत आजमा रही है। प्रोग्रेस सिंगापुर पार्टी (PSP) ने 6 क्षेत्रों में 13 प्रत्याशी खड़े किए हैं। इसके अलावा SDP, SPP, NSP, PPP, PAR, RDU, SUP और SDA जैसे दल भी चुनावी मैदान में हैं।
अंतरराष्ट्रीय मतदाता भी सक्रिय
सिंगापुर के विदेश में बसे नागरिकों ने शुक्रवार से ही मतदान करना शुरू कर दिया था। दुबई, लंदन, न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और सैन फ्रांसिस्को जैसे शहरों में बसे करीब 18,000 प्रवासी सिंगापुरवासी अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
वैश्विक परिप्रेक्ष्य में चुनाव
यह चुनाव ऐसे समय हो रहा है जब अमेरिका की टैरिफ नीति के चलते सिंगापुर को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिका सिंगापुर का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है, ऐसे में वैश्विक आर्थिक नीति का असर यहां की आंतरिक राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है।
आज रात तक चुनाव के नतीजे आने की संभावना है। यह चुनाव न सिर्फ सिंगापुर के भविष्य की दिशा तय करेगा, बल्कि वैश्विक कारोबारी जगत की भी नजरें इस पर टिकी हुई हैं, क्योंकि सिंगापुर एशिया में एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है।
CHANNEL009 Connects India
