हंड्रेड लीग के 2025 सीजन की शुरुआत जोरदार अंदाज़ में हुई। 5 अगस्त को हुए पहले मुकाबले में ओवल इन्विंसिबल्स ने लंदन स्पिरिट को 6 विकेट से हरा दिया। इस मैच में अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिन गेंदबाज राशिद खान पूरी तरह से छाए रहे और अपनी फिरकी से विरोधी बल्लेबाजों को परेशान कर डाला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी लंदन स्पिरिट की शुरुआत से ही मुश्किलों भरी रही। पूरी टीम सिर्फ 80 रन पर सिमट गई, और यह स्कोर भी 94 गेंदों में ही बना। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लंदन स्पिरिट ने पूरी 45 गेंदों पर एक भी रन नहीं बनाया, यानी टीम की आधी पारी सिर्फ डॉट गेंदों में चली गई। टीम के अनुभवी खिलाड़ी जैसे डेविड वॉर्नर और केन विलियमसन भी फ्लॉप रहे। दोनों ने सिर्फ 9-9 रन बनाए और जल्दी आउट हो गए।
ओवल इन्विंसिबल्स के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाज़ी की, लेकिन सबसे बड़ा असर राशिद खान की गेंदबाज़ी ने डाला। उन्होंने सिर्फ 20 गेंद फेंकीं, जिसमें से 15 डॉट बॉल थीं। राशिद ने केवल 11 रन खर्च किए और 3 अहम विकेट झटके।
राशिद की गेंदों को खेल पाना लंदन स्पिरिट के बल्लेबाजों के लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ। उन्होंने मैच की शुरुआत से ही अटैकिंग मोड में गेंदबाज़ी की और बल्लेबाज़ों को रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया।
राशिद के साथ-साथ सैम करन ने भी दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 19 गेंदों में 18 रन देकर 3 विकेट झटके और 10 डॉट बॉल फेंकीं। उनके अलावा बेहरेनडॉर्फ, जॉर्डन क्लार्क, टॉम करन, नाथन स्वॉटर और विल जैक्स ने भी सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाज़ी की और लंदन स्पिरिट को बांधे रखा।
लंदन स्पिरिट ने ओवल इन्विंसिबल्स को सिर्फ 82 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे टीम ने 69 गेंदों में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। ओवल की टीम की यह जीत सीजन की शानदार शुरुआत रही और राशिद खान को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
CHANNEL009 Connects India
