Breaking News

होली के रंग में रंगे बरेली के अफसर, गानों पर झूमे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी

बरेली में इस बार होली के मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों का अलग ही अंदाज देखने को मिला। एडीजी रमित शर्मा के आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में अधिकारियों ने रंग-गुलाल के साथ जमकर मस्ती की। कार्यक्रम में एसएसपी अनुराग आर्य फिल्मी गाने ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ पर डांस करते नजर आए, जबकि आईपीएस अंशिका वर्मा ने ‘लंदन ठुमका’ गाने पर शानदार डांस किया।

डीएम आवास से शुरू हुई होली

होली की सुबह सबसे पहले जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आवास पर अधिकारियों का जमावड़ा लगा। यहां एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई अधिकारी पहुंचे और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। हंसी-मजाक और रंगों के साथ यहीं से होली का जश्न शुरू हुआ।

डीआईजी और कमिश्नर आवास पर भी हुआ होली मिलन

इसके बाद अधिकारी डीआईजी अजय कुमार साहनी के आवास पहुंचे, जहां रंग-गुलाल के साथ होली मनाई गई। इसके बाद कमिश्नर आवास पर भी अधिकारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

एडीजी आवास पर दिखी सबसे ज्यादा मस्ती

एडीजी रमित शर्मा के आवास पर पुलिस कर्मियों के लिए विशेष होली मिलन कार्यक्रम रखा गया था। यहां ढोल, डीजे और रंगों के बीच अधिकारी और पुलिसकर्मी जमकर झूमते नजर आए। पूरे परिसर में संगीत, रंग और हंसी का माहौल बना रहा।

गाना बजते ही डांस करने लगे एसएसपी

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही फिल्मी गाने बजने लगे, एसएसपी अनुराग आर्य खुद को रोक नहीं पाए और डांस फ्लोर पर उतर आए। उन्होंने ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ गाने पर भांगड़ा और फिल्मी स्टेप्स के साथ शानदार डांस किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी झूम उठे।

आईपीएस अंशिका वर्मा का डांस बना आकर्षण

इस कार्यक्रम में आईपीएस अंशिका वर्मा ने काला चश्मा लगाकर ‘लंदन ठुमका’ गाने पर जबरदस्त डांस किया। उनके डांस ने पूरे कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा बना दिया।

एडीजी को बुलाने के लिए गाया गाना

जब अधिकारी एडीजी रमित शर्मा के घर पहुंचे तो वे बाहर नहीं आए। तब एसएसपी अनुराग आर्य ने गाना गाकर उन्हें बाहर आने का न्योता दिया। इसके बाद डीआईजी अजय साहनी ने भी माइक से उन्हें बाहर आने के लिए कहा। थोड़ी देर बाद एडीजी बाहर आए और सभी ने मिलकर होली का जश्न मनाया।

पुलिसकर्मियों ने भी किया डांस

कार्यक्रम में डीएसपी संदीप ने सिर पर गिलास रखकर मजेदार डांस किया, जिसे देखकर सभी लोग हंसने लगे। ढोल और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी भी जमकर थिरके और माहौल उत्सव जैसा हो गया।

यूपी के कई शहरों में भी पुलिस ने मनाई होली

यूपी के कई जिलों में पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग अंदाज में होली मनाई। लखनऊ में पुलिस कमिश्नर बग्घी पर सवार होकर निकले। वहीं झांसी में पुलिसकर्मियों ने एसएसपी को कंधों पर उठाकर डांस कराया। आगरा, झांसी और सहारनपुर में कई जगह पुलिसकर्मियों ने रंग और पानी के साथ होली खेली।

इस मौके पर एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, आईपीएस अंशिका वर्मा और अन्य कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

About admin

Check Also

‘CBI न आती तो मेरा एनकाउंटर हो जाता’, शुभेंदु अधिकारी PA केस में गलत गिरफ्तारी के बाद छूटे राज सिंह का छलका दर्द

‘CBI नहीं आती तो मेरा एनकाउंटर हो जाता’, गलत गिरफ्तारी के बाद राज सिंह का …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?