जम्मू-कश्मीर में 17 वर्षों से रह रहा एक पाकिस्तानी नागरिक उस वक्त मुसीबत में फंस गया जब उसने खुद को भारतीय नागरिक बताकर वोटर ID और आधार कार्ड हासिल करने का दावा सार्वजनिक रूप से कर दिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ और उसे वापस पाकिस्तान भेज दिया गया है।
पाकिस्तानी युवक ओसामा, जो करीब 17 साल से भारत में अवैध रूप से रह रहा था, ने हाल ही में खुद को भारतीय नागरिक बताते हुए एक वीडियो में दावा किया कि उसके पास आधार और वोटर कार्ड दोनों हैं। इस दावे के वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आ गया और जांच शुरू की गई।
चुनाव आयोग ने लिया सख्त एक्शन
वीडियो सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने फौरन कार्रवाई करते हुए ओसामा के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। जांच में यह सामने आया कि ओसामा ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और नागरिकता अधिनियम, 1955 का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर के उरी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता के रूप में खुद को पंजीकृत करा लिया था।
बारामुला के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर मिंग शेरपा ने बताया कि युवक ने फॉर्म-6 भरते समय खुद को भारत का नागरिक घोषित किया था, जो पूरी तरह से फर्जी था। इस आधार पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।
गृह मंत्रालय भी जांच में जुटा
गृह मंत्रालय भी अब इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रहा है कि आखिर ये व्यक्ति इतने लंबे समय तक भारत में कैसे रह रहा था और कैसे उसे पहचान से जुड़े इतने महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी कर दिए गए।
जांचकर्ता यह भी देख रहे हैं कि मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले दस्तावेज — जैसे आधार, पैन, जन्म तिथि और निवास प्रमाण — तो थे, लेकिन इनमें से किसी को भी नागरिकता का वैध प्रमाण नहीं माना जाता।
कानूनी सख्ती: एक साल तक की सजा का प्रावधान
फॉर्म-6 में कोई भी व्यक्ति जब खुद को मतदाता के रूप में पंजीकृत करता है, तो उसे यह घोषित करना होता है कि वह भारतीय नागरिक है। अगर बाद में यह घोषणा झूठी साबित होती है तो व्यक्ति पर धोखाधड़ी का मामला बनता है, जिसमें एक साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
भारत छोड़ने के अल्टीमेटम के बीच सामने आया मामला
यह घटना ऐसे समय में सामने आई जब भारत सरकार ने हाल ही में पाकिस्तानियों को देश छोड़ने का स्पष्ट अल्टीमेटम जारी किया है, खासतौर पर पुलवामा जैसे आतंकी हमलों के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाया जा रहा है। बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़कर जा चुके हैं, और इसी प्रक्रिया के दौरान ओसामा का मामला भी सामने आया।
CHANNEL009 Connects India
