Breaking News
sigret box

48 साल पुराना रहस्य उजागर: सिगरेट के डिब्बे ने खोला युवती की हत्या का राज

कैलिफोर्निया के सैन होजे शहर में एक पुराना मर्डर केस अब जाकर सुलझा है – और वो भी एक सिगरेट पैकेट पर छपे अंगूठे के निशान की बदौलत। करीब पांच दशक पहले की गई एक युवती की हत्या का खुलासा आधुनिक फॉरेंसिक तकनीक और अदम्य पुलिसिया संकल्प से संभव हो पाया। आरोपी विली यूजीन सिम्स को आखिरकार ओहायो से गिरफ़्तार किया गया है।

क्या हुआ था 1977 में?

1 फरवरी 1977 को जीनेट राल्स्टन नाम की महिला का शव उसकी खुद की फॉक्सवैगन बीटल कार की पिछली सीट पर मिला था। कार एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के कारपोर्ट में खड़ी थी — ठीक उस बार के पास, जहां जीनेट को आखिरी बार देखा गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि जीनेट की गला घोंटकर हत्या की गई थी, और उसका यौन शोषण भी किया गया था। साथ ही, किसी ने उसकी कार को जलाने की कोशिश की थी, लेकिन वह कोशिश नाकाम रही। हत्या से एक रात पहले जीनेट को एक अजनबी पुरुष के साथ बार से निकलते देखा गया था। उन्होंने दोस्तों से कहा था कि “10 मिनट में लौटूंगी,” लेकिन वो कभी नहीं लौटीं।

कैसे सुलझा केस?

वर्षों तक यह केस ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। हालांकि, 2023 में पुलिस ने पुराने सबूतों को दोबारा खंगालना शुरू किया। कार में मिले सिगरेट के डिब्बे से बरामद एक थंबप्रिंट को FBI की नई फिंगरप्रिंट डेटाबेस तकनीक में स्कैन किया गया — और यह निशान विली सिम्स से मेल खा गया।

इसके बाद जब सिम्स से DNA सैंपल लिया गया, तो वह मृतका के नाखूनों और गला घोंटने वाली शर्ट पर मिले DNA से भी मैच हो गया। यह वैज्ञानिक पुष्टि अब मुकदमे का सबसे अहम सबूत बन चुकी है।

कौन है आरोपी विली सिम्स?

घटना के वक्त सिम्स आर्मी में प्राइवेट था और सैन होजे से कुछ किलोमीटर दूर स्थित एक सैन्य बेस पर तैनात था। साल 1978 में, वह एक अन्य हत्या की कोशिश में दोषी पाया गया था और उसे चार साल की सजा हुई थी। अब, 69 साल की उम्र में, उस पर जीनेट की हत्या का आरोप है।

बेटे की टूटती यादें और नई उम्मीद

जीनेट का बेटा, एलन राल्स्टन, उस वक्त मात्र 6 साल का था जब उसकी मां उससे हमेशा के लिए छिन गई। एलन ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मुझे खुशी है कि किसी ने इस केस को भुलाया नहीं। यह जानकर सुकून मिला कि कोई तो पकड़ा गया।”

कानून का संदेश: न्याय में देर हो सकती है, पर अंधेर नहीं

सांता क्लारा डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी जेफ रोसेन ने बयान दिया, “फॉरेंसिक विज्ञान लगातार प्रगति कर रहा है। पुराने केस अब सिर्फ यादें नहीं, बल्कि न्याय की मिसाल बन रहे हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि चाहे अपराधी कितने भी सालों से छिपे हों, कानून की नजर और विज्ञान की सटीकता अंततः उन्हें ढूंढ़ ही निकालती है।

About Chandni Khan

Check Also

homuz

ईरान ने होरमुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाने की तैयारी की: अमेरिकी सूत्र

वॉशिंगटन:ईरान ने जून महीने में फारस की खाड़ी में अपने जहाजों पर समुद्री बारूदी सुरंगें …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?