क्या आप जानते हैं कि सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और धोनी से भी अमीर एक क्रिकेटर है? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 70 हजार करोड़ रुपए के मालिक हैं। यह क्रिकेटर कोई और नहीं, बल्कि कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमन बिड़ला हैं, जो 22 साल की उम्र में क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
कौन हैं आर्यमन बिड़ला?
आर्यमन बिड़ला का जन्म जुलाई 1997 में मुंबई में हुआ था। उन्होंने क्रिकेट करियर की शुरुआत रीवा से की थी, जहां आदित्य बिड़ला ग्रुप की सीमेंट इकाई स्थित है। उन्होंने अपना पहला सीनियर लेवल मैच नवंबर 2017 में ओडिशा के खिलाफ मध्यप्रदेश के लिए खेला था। इस मैच में उन्होंने रजत पाटीदार के साथ 72 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी।
मध्यप्रदेश के लिए खेले रणजी
आर्यमन बिड़ला ने क्रिकेट में अपना करियर बनाने का फैसला किया था, जो पिता के बिजनेस से अलग था। इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। 2017 में उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। अगले साल उन्हें लिस्ट ए क्रिकेट खेलने का मौका मिला। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 9 मैचों की 16 पारियों में 1 शतक और अर्धशतक के साथ कुल 414 रन बनाए थे। उन्होंने आखिरी बार क्रिकेट मैदान पर 2019 में कदम रखा था, जब उनकी उम्र महज 22 साल थी।
कुल संपत्ति
हालांकि, आर्यमन बिड़ला की कुल संपत्ति के बारे में कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं है, लेकिन अनुमान है कि वह 70 हजार करोड़ रुपये के मालिक हैं। वह भारत के प्रमुख औद्योगिक परिवारों में से एक के सदस्य हैं।