Related Articles
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सिविल जज) परीक्षा 2023 का परिणाम 11 दिसंबर 2024 को जारी किया गया, जिसमें ग्राम जेपरा की होनहार बेटी ग्रेसी सिंह का चयन सिविल जज के रूप में हुआ है। उन्होंने परीक्षा में 26वां रैंक और एसटी वर्ग में प्रथम रैंक प्राप्त की है।
पहले प्रयास में मिली सफलता
ग्रेसी सिंह ने पहले प्रयास में ही सफलता हासिल की। उनके चाचा हरवंश सिंह मिरी ने बताया कि ग्रेसी 2 साल की उम्र से दादी और चाचा के साथ रहती हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई बालाघाट जिले के वारासिवनी स्थित प्ले स्कूल से की थी। इसके बाद रायपुर में सुंदरनगर स्थित नर्सरी से कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई की और फिर कृष्णा पब्लिक स्कूल, डुंडा से 9वीं और 10वीं कक्षा की पढ़ाई की। 11वीं और 12वीं की पढ़ाई उन्होंने गणित विषय लेकर कृष्णा पब्लिक स्कूल, नेहरू नगर, भिलाई से की।
इंजीनियरिंग से सिविल जज तक का सफर
ग्रेसी पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहती थीं, लेकिन उनके चाचा के कहने पर उन्होंने CLAT एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी शुरू की और सफलता पाई। इसके बाद उन्होंने हिदायतुल्ला नेशनल लॉ कॉलेज, नवा रायपुर से बीएएलएलबी की डिग्री प्राप्त की। फिर 2023 में सिविल जज परीक्षा में शामिल हुईं और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की।
साक्षात्कार और तैयारी
ग्रेसी ने सिविल जज परीक्षा की तैयारी के लिए कुछ महीने कोटा, राजस्थान में और फिर इंदौर में मॉक इंटरव्यू की तैयारी की। उनका साक्षात्कार उतना अच्छा नहीं गया था, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास था कि वे मुख्य परीक्षा में सफल हो जाएंगी। आज उनकी मेहनत रंग लाई और वे सिविल जज बन गईं।