पाकिस्तान इस वक्त संकट के दौर से गुजर रहा है — एक ओर भारत और अफगानिस्तान से सीमाई तनाव, और दूसरी तरफ देश के अंदरूनी हिस्सों में विद्रोह की आग. ताज़ा घटनाक्रम में बलूचिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है: बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने सुराब शहर पर कब्ज़ा जमा लिया है।
सुराब में BLA की कार्रवाई: पुलिस स्टेशन से लेकर बैंक तक काबिज़
BLA के प्रवक्ता जयंद बलूच ने एक बयान में इस पूरे ऑपरेशन की पुष्टि की है। उनके अनुसार, संगठन के लड़ाकों ने सुराब में पुलिस स्टेशन, लेवी चौकी और बैंक सहित कई प्रमुख सरकारी भवनों पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि शहर के अहम हिस्सों को नियंत्रित कर लिया गया है और सरकारी इमारतों को आग के हवाले कर दिया गया।
प्रमुख राजमार्गों पर भी BLA का पहरा
सुराब से होकर गुजरने वाली क्वेटा-कराची मेन हाइवे और सुराब-गदर रोड पर भी BLA की निगरानी बढ़ गई है। स्थानीय चश्मदीदों के अनुसार, भारी संख्या में हथियारबंद लोग शहर में दाख़िल हुए और सरकारी प्रतिष्ठानों पर धावा बोल दिया।
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों की हालत खराब
BLA की इस कार्रवाई में कई सरकारी अफसरों को हिरासत में लिया गया है और कुछ सरकारी गाड़ियों को भी जला दिया गया। BLA का दावा है कि उन्होंने सुराब के सभी प्रमुख प्रशासनिक कार्यालयों को अपने नियंत्रण में ले लिया है और कई इलाकों से पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया गया है। हालांकि, अभी तक इस पर पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बलूच आज़ादी आंदोलन को मिली नई ताकत
बलूचिस्तान में हाल के वर्षों में स्वतंत्रता की मांग को लेकर संघर्ष तेज़ हुआ है। BLA जैसे संगठनों ने कई बार अस्थायी रूप से शहरों या रणनीतिक मार्गों पर नियंत्रण हासिल किया है। सुराब पर हुआ यह ताज़ा कब्ज़ा दिखाता है कि पाकिस्तान की रणनीति क्षेत्र में असफल साबित हो रही है।
पाकिस्तान के लिए चेतावनी
बलूच आंदोलन अब केवल छिटपुट हमलों तक सीमित नहीं रह गया है। अब यह सशस्त्र विद्रोह पूरे प्रांत में संगठित रूप से फैलता दिखाई दे रहा है। सुराब पर नियंत्रण बलूच स्वतंत्रता आंदोलन की बढ़ती ताकत का प्रतीक है और यह पाकिस्तान के लिए बड़ा चेतावनी संकेत है कि हालात अब उसके काबू में नहीं रहे।
CHANNEL009 Connects India
