Related Articles
हनुमानगढ़ में रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सिलेंडर लेकर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ में सिलेंडर लेकर कलक्ट्रेट परिसर में पहुंच गए। वहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और विरोध जताया।
इसके बाद कलक्टर कार्यालय के बाहर लकड़ी का चूल्हा बनाकर रोटियां सेककर अपना विरोध दर्ज कराया।
नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों से आम लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। लोगों को सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर, भादरा के पूर्व विधायक सुरेश चौधरी, नोहर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान सोहन ढिल और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बुकिंग सिस्टम भी हो रहा प्रभावित
जिले में सिलेंडर की बुकिंग को लेकर भी लोगों को परेशानी हो रही है। कई लोग एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बुकिंग पोर्टल दो-तीन दिनों से बंद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार इंडेन के सिलेंडर बुकिंग सिस्टम पर अचानक कॉल की संख्या बहुत बढ़ गई, जिससे रिफिल बुकिंग सिस्टम क्रैश हो गया।
सामान्य से कई गुना बढ़ी कॉल
बताया जा रहा है कि सामान्य दिनों के मुकाबले बुकिंग के लिए कॉल 8 से 10 गुना तक बढ़ गई हैं, जिसके कारण सिस्टम सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है।
प्रशासन ने किया निरीक्षण
हनुमानगढ़ गैस एजेंसी के संचालक के अनुसार अगर बुकिंग सिस्टम ठीक से काम करे तो सप्लाई में कोई बड़ी समस्या नहीं है, क्योंकि कंपनी की ओर से गैस की गाड़ियां नियमित भेजी जा रही हैं।
हालांकि फिलहाल होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और एसपी हरी शंकर ने अधिकारियों के साथ गैस एजेंसियों और गोदामों का निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।
CHANNEL009 Connects India
