Related Articles
सार:
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुला पत्र लिखा और राजस्थान की कांग्रेस सरकार द्वारा सामाजिक और आर्थिक न्याय के लिए किए गए कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का घोषणा पत्र ही सरकार की नीतियों का आधार रहा है।
विस्तार से:
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र ही हर कार्यकाल में राजस्थान सरकार की नीतियों का आधार बना है। पहली कैबिनेट बैठक में इस घोषणा पत्र पर चर्चा कर उसे नीतिगत दस्तावेज के रूप में अपनाया गया। इसी आधार पर कई जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई गईं, जिनसे जनता को लाभ हुआ।
गहलोत ने पीएम मोदी से आग्रह किया कि कांग्रेस सरकार द्वारा बनाई गई सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की योजनाओं का अध्ययन करें और उन्हें पूरे देश में लागू करें। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का जिक्र किया, जिससे राज्य के कर्मचारियों को सुरक्षा मिली है। साथ ही, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और न्यूनतम आय कानून को भी कांग्रेस सरकार की बड़ी उपलब्धियों में बताया।
आयुष्मान भारत योजना पर टिप्पणी करते हुए गहलोत ने कहा कि इसमें 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को ही पांच लाख का बीमा मिलता है, जबकि कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में 25 लाख रुपये का कैशलेस बीमा लागू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस की योजनाओं को कमजोर कर दिया, जिससे जनता में नकारात्मक प्रतिक्रिया है।
गहलोत ने पीएम से अपील की कि वे राजस्थान में कांग्रेस योजनाओं को बंद करने से जनता में हो रहे असंतोष का अध्ययन करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बयान दुखद हैं, जबकि उनकी सरकार अपने किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।