काफी समय से चर्चा चल रही है कि राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन अगले IPL सीजन में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसन ने खुद फ्रेंचाइज़ी से कह दिया है कि IPL 2026 की शुरुआत से पहले उन्हें रिलीज़ कर दिया जाए। हालांकि, टीम मैनेजमेंट और हेड कोच राहुल द्रविड़ ने इस पर अब तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं सुनाया है।
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी एस. बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि सैमसन के जाने के पीछे की असली वजह रियान पराग हो सकते हैं। बद्रीनाथ ने सवाल उठाया — “अगर टीम रियान पराग को कप्तानी दे रही है, तो सैमसन जैसे अनुभवी खिलाड़ी के लिए उस टीम में रहना आसान नहीं होगा।”
IPL 2025 में एक समय राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को कप्तान बनाया था। ये फैसला इसलिए लिया गया था क्योंकि सैमसन पूरी तरह फिट नहीं थे। उस दौरान राहुल द्रविड़, जो भारतीय टीम के हेड कोच का कार्यकाल खत्म करके RR में लौटे थे, उन्होंने ही पराग को कप्तानी सौंपी।
जब सैमसन चोट से ठीक होकर लौटे, तो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फिर चोटिल हो गए और दोबारा रियान पराग को कप्तानी मिल गई। इस बीच, सैमसन की जगह टीम में 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया, जिन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंद में शतक जड़कर सभी को चौंका दिया।
संजू सैमसन को लेकर ये भी खबर है कि वो IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की जर्सी में दिख सकते हैं। बद्रीनाथ के अनुसार, अगर ऐसा होता है तो सैमसन को एमएस धोनी के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि CSK के पास पहले से ही टॉप ऑर्डर में ऋतुराज गायकवाड़, आयुष महात्रे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे बल्लेबाज मौजूद हैं, इसलिए सैमसन को प्लेइंग XI में फिट करना आसान नहीं होगा। बद्रीनाथ ने ये भी साफ किया कि उन्हें नहीं लगता कि CSK, मुंबई इंडियंस की तरह कोई बड़ा ट्रेड डील करके हार्दिक पांड्या या किसी और खिलाड़ी को लेने जाएगी।
IPL 2025 में सैमसन का प्रदर्शन औसत रहा। उन्होंने 9 मैचों में 35.62 के औसत से 285 रन बनाए, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 66 रहा। IPL करियर में उन्होंने अब तक 177 मैच खेलकर 4704 रन बनाए हैं, स्ट्राइक रेट 139.04 है। उन्होंने 3 शतक और 26 अर्धशतक जड़े हैं, और उनका बेस्ट स्कोर 119 रन है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि क्या वाकई संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स छोड़कर किसी और टीम, खासकर CSK, से जुड़ते हैं या नहीं।
CHANNEL009 Connects India
